लहरों के नीचे लाल समुद्र के आश्चर्य
लोग कहते हैं कि सौन्दर्य ऊपरी होता है। लेकिन अकसर सच्चा सौन्दर्य सतह के नीचे होता है—और यह मात्र लोगों को लागू नहीं होता। मैं ने ऐसा लाल समुद्र के बारे में सच पाया। उस सूने तट ने मुझे उस अविश्वसनीय सौन्दर्य का ज़रा भी आभास नहीं दिलाया जो उसके पानी की सतह से नीचे देखनेवाले ख्प्ताशकिस्मत तैराक़ का इंतज़ार कर रहा था।
प्रवाल भित्ति के आश्चर्यों की खोज-बीन करने के लिए, संसार की सबसे दिलचस्प जगहों में से एक होने की ख्याति लाल समुद्र को प्राप्त है। सो मैं प्रत्यक्ष यह देखने के लिए उत्सुक था कि उसकी कीर्ति उचित थी या नहीं।
जब मैं ने जल के नीचे की दुनिया देखी, तो मैं उसे बेहतर रूप से समझना चाहता था। लाल समुद्र के समुद्री जीवन पर एक विशेषज्ञ, समुद्री जीव-वैज्ञानिक एरन मीरोस ने मेरे सवालों का जवाब दिया।
लाल समुद्र का पानी इतना भरा-पूरा क्यों है?
“लाल समुद्र संकुलित स्थान की तरह दिखता और कार्य करता है, जो हिंद महासागर से काफ़ी मछलियाँ इकट्ठी करता है। इसके अतिरिक्त, यहाँ हमारे पास प्रवालों की असाधारण बहुतायत है। एक भित्ति पर पत्थर के मात्र एक वर्ग मीटर में आप लगभग २० भिन्न क़िस्म के प्रवालों को बढ़ते हुए देखेंगे। प्रवाल वृद्धि को बढ़ावा देनेवाला पानी का उचित तापमान है, जो सारे वर्ष में मात्र कुछ ही डिग्री बदलता है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में कम वर्षा होने का अर्थ है कि समुद्र में तलछट बहुत कम आती है। क्रमशः, यह गंदगी की मात्रा को कम करता है, यद्यपि मैं अफ़सोस के साथ कहता हूँ कि पिछले १५ वर्षों में स्थिति बदतर हो गयी है।”
इस समुद्री ख़ज़ाने को सुरक्षित रखने में कौन-सी समस्याएँ होती हैं?
“तुलनात्मक रूप से अविकृत प्राकृतिक वास की देख-रेख करते वक़्त सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण की है। लाल समुद्र में, दूषण तीन मुख्य ज़रियों से आता है: फॉस्फ़ेट, मछली पालनघर, और तटवर्ती नगरों की गन्दगी। गोताख़ोरी के स्थानों की लोकप्रियता भी समस्याएँ उत्पन्न कर सकती है। लापरवाह गोताख़ोर आसानी से कमज़ोर प्रवाल भित्ति को नष्ट कर सकते हैं।”
आप लाल समुद्र में प्रवाल भित्ति का कई वर्षों से अध्ययन कर रहे हैं। आपने जो सीखा है उसमें से कुछ बातें क्या हैं?
“हमने पाया है कि मछलियों के आहार लेने की अपनी सारणियाँ होती हैं। कुछ मछलियाँ सुबह सात बजे से आहार लेना शुरू करती हैं, तीन घंटों तक आहार लेती हैं, कुछ देर के लिए रुकती हैं, और फिर दोपहर में और तीन घंटे के लिए आहार लेती हैं। कुछ मछलियाँ सिर्फ़ रात में आहार लेती हैं। ये सारणियाँ महत्त्वपूर्ण हैं। यदि छोटी मछलियाँ सारा दिन परभक्षियों के दबाव में रहें, तो वे मुश्किल ही अपना भरण-पोषण कर पाएँगी। और मछलियाँ, मानव की तरह खाने के मामले में तुनक-मिज़ाज हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, ब्लू-स्पाटेड ग्रूपर मछली को फैरी बैसलटस्, जो लाल समुद्र में बहुत ही सामान्य हैं, के लिए ख़ास चाव है। हमारे मछलीघर में भी मछलियों का अपना मनपसंद भोजन है—कुछ टूना मछली पसंद करती हैं, जबकि कुछ सार्डीन।
“आप सोचते होंगे कि एक मछली के लिए, सभी मानव एक जैसे दिखते होंगे, लेकिन ऐसी बात नहीं है। मछलियाँ और कुछ अकशेरुकी भी लोगों को पहचानना सीखते हैं। मुझे एक ऑक्टोपस याद है जिसे हमारे कार्यकर्ताओं में से एक व्यक्ति ने खेल-खेल में थप्पड़ मारा था। उसे थप्पड़ मारा जाना पसंद नहीं आया, और उसने फिर कभी उस व्यक्ति से भोजन स्वीकार नहीं किया। प्रसंगवश, हमने पाया कि मृदुल व्यक्ति मछली के साथ सर्वोत्तम रूप से कार्य करते हैं, जबकि उत्साही या अधीर व्यक्ति उन्हें उत्तेजित कर देते हैं।”
एक नए गोताख़ोर को सौन्दर्य और रंगों की विविधता प्रभावित करती है।
“निश्चय ही, रंगीन मछलियाँ प्रभावोत्पादक होती हैं। लेकिन अनेक व्यक्ति यह नहीं समझते कि कुछ मछलियाँ अपने रंगों को संकेतों के रूप में प्रयोग करती हैं, कुछ-कुछ जैसे हम ट्रैफिक बत्तियों का प्रयोग करते हैं। उदाहरण के लिए, अपने क्षेत्र पर सिर्फ़ निगाह रखने के बजाय जब रेड-ग्रूपर मछली शिकार कर रही होती है, तब उसका रंग गहरा लाल हो जाता है। क्लाउन मछली जो रेड-ग्रूपर मछली द्वारा शिकार की जाती है, ग्रूपर मछली के रंग से बता सकती है कि कब वह शिकार नहीं कर रही है। इन सुरक्षित अवधियों के दौरान, क्लाउन मछली उसके क्षेत्र में घुस आयी ग्रूपर मछली को साहसपूर्वक भगा देगी।”
निश्चय ही, परमेश्वर की सृष्टि का असाधारण सौन्दर्य अनेक असंभावित जगहों में पाया जा सकता है। इस सौन्दर्य का मात्र एक छोटा अंश खोज निकालने से मेरा जीवन समृद्ध हो गया। लहरों के नीचे के क्षेत्र में उस छोटी-सी भेंट ने उन प्राकृतिक ख़ज़ानों के प्रति मेरा मूल्यांकन बढ़ा दिया जिन्हें हमारा ग्रह आश्रय देता है।—दिया गया।
[पेज 24 पर तसवीरें]
लायनफिश इतमीनान से घूमती हुई, परभक्षियों से निश्चिन्त। वे इससे दूर रहते हैं, क्योंकि उसके कंटीले मीनपक्ष में तेज़ ज़हर भरा हुआ है
[पेज 24 पर तसवीरें]
क्लाउन फिश विरले ही अपने घर से दूर जाती है, जो एक बड़े समुद्री ऐनीमोन के स्पर्शकों के बीच है। वह समुद्री ऐनीमोन के घेरे से सुरक्षित है क्योंकि वह उसको साफ़ रखने के लिए सहायता करती है।
[पेज 24 पर तसवीरें]
बटरफ्लाइ फिश विभिन्न रंगों में आती हैं। वेफ़र के समान उनके पतले और चपटे शरीर, आगे पीछे हिलते हुए मुझे एक तितली की याद दिला रहे थे
[पेज 24 पर तसवीरें]
पिकासो फिश ने, अपनी भड़कीली धारियों और चटकीली पीली लिपस्टिक से, मुझे एक अमूर्त्त कलाकार की रचना की याद दिलायी
[पेज 24 पर तसवीरें]
एम्परर एंजल फिश का एक बहुरंगी कोट है, जब वह बढ़ती है तो उसके रंग और डिज़ाइन बदलते हैं