असरदार तरीके से बाइबल का इस्तेमाल कीजिए
1. बाइबल क्यों इतनी फायदेमंद है?
असरदार तरीके से और समझ के साथ परमेश्वर के प्रेरित वचन बाइबल का इस्तेमाल करने से हम सच्चाई का ऐलान कर पाएँगे, उसे साफ-साफ सिखा पाएँगे और इंसानों की झूठी शिक्षाओं और रीति-रिवाज़ों का परदाफाश कर पाएँगे।—2 तीमु. 2:15; 1 पत. 3:15.
2. आयतों को झट-से ढूँढ़ने में क्या बात हमारी मदद कर सकती है?
2 बाइबल को और भी अच्छी तरह जानिए: जिस तरह किसी औज़ार का अच्छा इस्तेमाल करने के लिए उसके बारे में जानना ज़रूरी होता है, उसी तरह बाइबल का अच्छी तरह इस्तेमाल करने के लिए ज़रूरी है कि हम उससे अच्छी तरह वाकिफ हों। शुरू से आखिर तक बाइबल पढ़ने से आपको उसका विषय पता चलेगा। इससे आप आयतें याद रख पाएँगे और उन्हें आसानी से ढूँढ़ पाएँगे। जैसे-जैसे आप बाइबल की जानकारी लेते जाएँगे, आप प्रचार में और मौका ढूँढ़कर गवाही देते वक्त ज़्यादा जोश और यकीन के साथ बात कर पाएँगे।—1 थिस्स. 1:5.
3, 4. (क) किन तरीकों से हम बाइबल से अच्छी तरह वाकिफ हो सकते हैं? (ख) बाइबल की आयतों से वाकिफ होने के लिए क्या आपने कोई और तरीके अपनाए हैं?
3 मंडली की सभाओं के दौरान जब बाइबल से आयतें पढ़ी जाती हैं, तो आप भी अपनी बाइबल खोलकर देखने की आदत बनाइए। निजी अध्ययन करते वक्त और मंडली की सभाओं की तैयारी करते वक्त, उन आयतों को खोलकर पढ़िए जिनका सिर्फ ज़िक्र किया गया है और मनन कीजिए कि आप उन आयतों को कैसे अमल में ला सकते हैं। कई लोगों ने पाया है कि कंप्यूटर पर या आयतों का प्रिंट लेकर पढ़ने के बजाय अगर हम सीधे बाइबल से ही आयतें पढ़ें, तो ज़रूरत पड़ने पर प्रचार के वक्त उन्हें ढूँढ़ना आसान हो जाता है।—यूह. 14:26.
4 कुछ परिवारों ने समय निकालकर बाइबल की आयतें याद की हैं। इसके लिए आप कार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसमें एक तरफ आयत का नंबर लिखा होता है और दूसरी तरफ पूरी आयत लिखी होती है। फिर परिवार के सदस्य बारी-बारी से इनका इस्तेमाल करके देख सकते हैं कि क्या उन्हें याद है कि उस आयत में क्या लिखा है या यह बता सकते हैं कि वह बात किस आयत में लिखी है। प्रचार में पेशकश की तैयारी करने से और किसी सवाल का जवाब देने के लिए बाइबल का इस्तेमाल करने से भी हमारा हुनर निखरेगा।
5. हम क्यों बाइबल इस्तेमाल करने के अपने हुनर को बढ़ाना चाहते हैं?
5 कोई भी किताब बाइबल का मुकाबला नहीं कर सकती। यही एक किताब है जिसमें वे बातें लिखी हैं, जो लोगों को “उद्धार पाने के लिए बुद्धिमान” बनाती हैं। (2 तीमु. 3:15) हमारे इलाके में ज़्यादातर लोग बाइबल में दर्ज़ बेशकीमती खज़ाने से अनजान हैं, इसलिए हमें अपना हुनर बढ़ाने की ज़रूरत है ताकि हम उन्हें दिखा सकें कि बाइबल में कितनी फायदेमंद बातें दी गयी हैं।—नीति. 2:1-5.