युवा लोग पूछते हैं . . .
क्या यह शख्स मेरा जीवन-साथी बनने के लिए सही है?
कुछ वक्त निकालकर नीचे दिए गए सवालों के जवाब दीजिए:
आप जिसे अपना जीवन-साथी चुनेंगे, उसमें फिलहाल आप कौन-से गुण देखेंगे? नीचे दिए किसी चार गुणों पर ✔ का निशान लगाइए जिन्हें आप सबसे ज़रूरी समझते हैं।
․․․․․․․․ खूबसूरत ․․․․․․․․ आध्यात्मिक बातों पर मन लगानेवाला/ली
․․․․․․․․ मिलनसार ․․․․․․․․ भरोसेमंद
․․․․․․․․ मशहूर ․․․․․․․․अच्छा चरित्र
․․․․․․․․ मज़ाकिया ․․․․․․․․ लक्ष्य बनाकर हासिल करनेवाला/ली
जवानी की दहलीज़ पर कदम रखने के बाद, क्या आप किसी को अपना दिल दे बैठे थे? अगर हाँ, तो ऊपर दिए किसी एक गुण पर ✘ का निशान लगाइए, जो आपको उस वक्त उस शख्स में बहुत पसंद आया था।
ऊपर बताए किसी भी गुण में कोई बुराई नहीं। हरेक गुण की अपनी एक कशिश है। मगर फिर भी, क्या यह सच नहीं कि जवानी की दहलीज़ पर कदम रखने के बाद जब आप किसी को अपना दिल दे बैठते हैं, तो आप सिर्फ उसके बाहरी गुणों को देखते हैं, जैसे वे गुण जो बायीं तरफ के कॉलम में दिए गए हैं?
लेकिन जैसे-जैसे आप सयाने होते जाते हैं, आप अपनी परख-शक्ति का इस्तेमाल करने लगते हैं। फिर आप विपरीत लिंग के व्यक्ति की जाँच करने लगते हैं कि क्या उसमें दूसरे और भी ज़रूरी गुण हैं, जैसे वे गुण जो दायीं तरफ के कॉलम में दिए गए हैं। मिसाल के लिए, आपको यह एहसास होने लगता है कि जिस लड़की को आप इलाके की सबसे खूबसूरत लड़की समझते थे, वह शायद भरोसेमंद नहीं है। या फिर, क्लास का सबसे मशहूर लड़का अच्छे चरित्र का नहीं है। अगर आपकी ‘जवानी ढल चुकी है’ यानी ज़िंदगी का वह दौर पार हो चुका है, जब लैंगिक इच्छाएँ पहली बार ज़बरदस्त होती हैं, तब आप इस सवाल का सही जवाब दे पाएँगे: क्या यह शख्स मेरा जीवन-साथी बनने के लिए सही है? क्योंकि तब आप न सिर्फ उस शख्स के बाहरी गुणों को देखेंगे बल्कि यह भी कि वह अंदर से कैसा इंसान है।—1 कुरिन्थियों 7:36.
क्या कोई भी शख्स सही रहेगा?
वक्त के गुज़रते, हो सकता है कि आप कई विपरीत लिंग के व्यक्तियों की तरफ आकर्षित हुए हों। लेकिन इसका यह हरगिज़ मतलब नहीं कि शादी के लिए कोई भी शख्स सही रहेगा। आखिरकार, आपको एक ऐसा साथी चाहिए जो ज़िंदगी-भर आपका साथ निभाए और आपमें छिपे बढ़िया गुणों और काबिलीयतों को और भी निखार सके। साथ ही, आप भी उसके साथ वैसे ही पेश आ सकें। (मत्ती 19:4-6) वह शख्स कौन हो सकता है? इस सवाल का जवाब देने से पहले, आपको ‘आइने में देखने’ (किताब-ए-मुकद्दस) और खुद की ईमानदारी से जाँच करने की ज़रूरत है।—याकूब 1:23-25.
खुद को अच्छी तरह से जानने के लिए, आगे दिए सवालों के जवाब दीजिए:
मुझमें क्या-क्या खूबियाँ हैं?
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
मेरी कमज़ोरियाँ क्या हैं?
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
मेरी मानसिक और आध्यात्मिक ज़रूरतें क्या हैं?
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․․
खुद को जानना कोई आसान काम नहीं। फिर भी, इस तरह के सवाल पूछने से आप अपने आपको अच्छी तरह जानने-समझने की शुरूआत कर सकते हैं।a आप खुद को जितना अच्छी तरह से जानेंगे, उतना ज़्यादा आप एक ऐसे साथी को चुनने के काबिल बनेंगे, जो आपकी खूबियों को खुलकर ज़ाहिर करेगा, ना कि आपकी कमज़ोरियों को बढ़ा-चढ़ाकर बताएगा। लेकिन तब क्या जब आपको लगता है कि आपको एक ऐसा शख्स मिल गया है, जो आपका जीवन-साथी बनने के लिए एकदम सही है?
क्या यह रिश्ता कामयाब होगा?
इस सवाल का जवाब देने के लिए, खुले दिमाग से अपने बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड की जाँच कीजिए। मगर साथ ही खबरदार रहिए! आप उसकी सिर्फ उन्हीं बातों पर ध्यान देने लग सकते हैं, जो आप उसमें देखना चाहते हैं। इसलिए उसे परखने में जल्दबाज़ी मत कीजिए। इसके बजाय, उसकी असली शख्सियत को पहचानने की कोशिश कीजिए।
कई लड़के-लड़कियाँ जो डेटिंग करते हैं, वे अपने साथी को बस ऊपरी तौर पर देखते हैं। उन्हें फौरन वही बातें नज़र आती हैं, जो उनमें एक-जैसी होती हैं। वे कहते हैं: ‘हम दोनों को एक ही किस्म का संगीत पसंद है।’ ‘हमें एक तरह के काम करने में मज़ा आता है।’ ‘हर बात में हमारी सोच मिलती-जुलती है!’ लेकिन जैसे कि पहले भी बताया गया था, अगर आपकी जवानी ढल चुकी है तो आप न सिर्फ बाहरी गुणों को देखेंगे बल्कि यह भी कि एक इंसान अंदर से कैसा है। जी हाँ, आपको ‘छिपे हुए और गुप्त मनुष्यत्व’ को पहचानने की ज़रूरत है।—1 पतरस 3:4; इफिसियों 3:16.
मिसाल के लिए, इस बात पर ध्यान देने के बजाय कि आप दोनों की सोच कितनी मिलती-जुलती है, क्यों न यह देखने की कोशिश करें कि जब आप दोनों की सोच मेल नहीं खाती है, तब आपका बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड कैसे पेश आता/ती है। दूसरे शब्दों में कहें तो, जब आप दोनों के बीच खटपट हो जाती है, तो वह उसे कैसे निपटाता/ती है। क्या वह अपनी बात मनवाने पर अड़ जाता/ती है? क्या वह “गुस्सा” (किताब-ए-मुकद्दस) हो जाता/ती है या आपकी “निन्दा” करने लगता/ती है? (गलतियों 5:19,20; कुलुस्सियों 3:8) या क्या वह कोमलता दिखाता/ती है? यानी अगर सही-गलत के उसूलों की बात नहीं है, तो क्या वह शांति बनाए रखने की खातिर राज़ी-खुशी आपकी बात मान लेता/ती है?—याकूब 3:17.
एक और बात पर गौर कीजिए: क्या वह आपको अपने इशारों पर नचाता/ती है और क्या उसमें जलन की भावना है? क्या वह आपकी हर बात जानने की ज़िद करता/ती है कि आप कहाँ जाते हैं या क्या करते हैं? एक जवान लड़की निकोल कहती है: “किसी को अपनी जायदाद समझना और जलन की भावना रखना, खतरे की दो निशानियाँ हैं। मैंने डेटिंग करनेवाले ऐसे लड़के-लड़कियों के बारे सुना है जो आपस में झगड़ते हैं, क्योंकि एक जन को यह बरदाश्त नहीं होता कि दूसरा ‘अपने आने-जाने की खबर नहीं देता।’ मुझे लगता है यह एक अच्छी निशानी नहीं।”
आपके बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड को दूसरे लोग किस नज़र से देखते हैं? अच्छा होगा अगर आप उन लोगों से उसके बारे में पूछें, जो उसे काफी समय से जानते हैं। जैसे उसकी कलीसिया के प्रौढ़ मसीहियों से। उनसे पूछने पर आप पता कर पाएँगे कि उस शख्स का कलीसिया में “अच्छा नाम” है या नहीं।—प्रेरितों 16:1,2, NHT.b
क्या आपको रिश्ता खत्म कर देना चाहिए?
मान लीजिए कि आपको एहसास होता है कि आप जिसके साथ डेटिंग कर रहे हैं, वह आपके लिए एक सही जीवन-साथी नहीं है। ऐसे में आपको क्या करना चाहिए? आपके लिए बुद्धिमानी इसी में होगी कि आप उस रिश्ते को खत्म कर दें। बाइबल कहती है: “चतुर मनुष्य विपत्ति को आते देखकर छिप जाता है।”—नीतिवचन 22:3.c
कुछ वक्त बाद, आप शायद किसी और के साथ एक नया रिश्ता शुरू करें। अगर आप ऐसा करते हैं, तो आपमें बेशक और भी सही नज़रिया होगा, क्योंकि अब आपने तजुरबा हासिल कर लिया है। और शायद उस वक्त आप इस सवाल का जवाब हाँ में दें—क्या यह शख्स मेरा जीवन-साथी बनने के लिए सही है? (g 5/07)
“युवा लोग पूछते हैं . . .” के और भी लेख, वेब साइट www.watchtower.org/ype पर उपलब्ध हैं
[फुटनोट]
a खुद से और दूसरे सवाल पूछने के लिए, जनवरी 2007 की सजग होइए! (अँग्रेज़ी) का पेज 30 देखिए।
b पेज 17-18 पर दिए बक्स के सवालों को भी देखिए।
c इस तरह के रिश्ते को खत्म करने के बारे ज़्यादा जानकारी के लिए, अप्रैल-जून 2001 की सजग होइए! के पेज 18-20 देखिए।
इस बारे में सोचिए
◼ एक अच्छा जीवन-साथी बनने के लिए आपमें कौन-से बढ़िया गुण हैं?
◼ आप जिसे अपना जीवन साथी चुनेंगे, उसमें कैसे गुण देखना चाहेंगे?
◼ आप जिसके साथ डेटिंग कर रहे हैं, उसकी शख्सियत, चालचलन और दूसरों की उसके बारे में क्या राय है, इस बारे में और ज़्यादा जानने के लिए आप क्या कर सकते हैं?
[पेज 17 पर बक्स]
क्या इस लड़के में एक अच्छे पति बनने के गुण हैं?
बुनियादी बातें
❑ वह अपने अधिकार का कैसे इस्तेमाल करता है? —मत्ती 20:25,26.
❑ उसके लक्ष्य क्या हैं?—1 तीमुथियुस 4:15.
❑ क्या वह फिलहाल उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मेहनत कर रहा है?—1 कुरिन्थियों 9:26,27.
❑ उसके दोस्त कौन हैं?—नीतिवचन 13:20.
❑ पैसों के बारे में उसका क्या नज़रिया है? —इब्रानियों 13:5,6.
❑ उसे किस तरह का मनोरंजन पसंद है? —भजन 97:10.
❑ उसके पहनावे से क्या झलकता है?—2 कुरिन्थियों 6:3.
❑ वह यहोवा के लिए अपना प्यार कैसे ज़ाहिर करता है?—1 यूहन्ना 5:3.
शख्सियत
❑ क्या वह मेहनती है?—नीतिवचन 6:9-11.
❑ क्या वह अपना गुज़ारा खुद करने के काबिल है? —लूका 14:28.
❑ क्या उसका अच्छा नाम है?—प्रेरितों 16:1,2, NHT.
❑ क्या वह अपने माँ-बाप का आदर करता है? —निर्गमन 20:12.
❑ क्या वह दूसरों का लिहाज़ करता है?—फिलिप्पियों 2:4.
खतरे की निशानियाँ
❑ क्या वह बात-बात पर गुस्सा होता है? —नीतिवचन 22:24.
❑ क्या वह आपको नाज़ायज़ संबंध रखने के लिए लुभाता है?—गलतियों 5:19.
❑ क्या वह दूसरों पर हाथ उठाता है या गाली-गलौज करता है?—इफिसियों 4:31.
❑ क्या वह मन-बहलाव के लिए शराब पीना ज़रूरी समझता है?—नीतिवचन 20:1.
❑ क्या वह खुदगर्ज़ है और दूसरों से जलता है? —1 कुरिन्थियों 13:4,5.
[पेज 18 पर बक्स]
क्या इस लड़की में एक अच्छी पत्नी बनने के गुण हैं?
बुनियादी बातें
❑ वह अपने परिवार और कलीसिया में अधीनता कैसे दिखाती है?—इफिसियों 5:21,22.
❑ उसके पहनावे से क्या झलकता है? —1 पतरस 3:3,4.
❑ उसके दोस्त कौन हैं?—नीतिवचन 13:20.
❑ पैसों के बारे में उसका क्या नज़रिया है?—1 यूहन्ना 2:15-17.
❑ उसके लक्ष्य क्या हैं?—1 तीमुथियुस 4:15.
❑ क्या वह फिलहाल उन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मेहनत कर रही है? —1 कुरिन्थियों 9:26,27.
❑ उसे किस तरह का मनोरंजन पसंद है? —भजन 97:10.
❑ वह यहोवा के लिए अपना प्यार कैसे ज़ाहिर करती है?—1 यूहन्ना 5:3.
शख्सियत
❑ क्या वह मेहनती है? —नीतिवचन 31:17,19,21,22,27.
❑ क्या वह अपना गुज़ारा खुद करने के काबिल है?—नीतिवचन 31:16,18.
❑ क्या उसका अच्छा नाम है?—रूत 4:11.
❑ क्या वह अपने माँ-बाप का आदर करती है?—निर्गमन 20:12.
❑ क्या वह दूसरों का लिहाज़ करती है? —नीतिवचन 31:20.
खतरे की निशानियाँ
❑ क्या वह झगड़ालू है?—नीतिवचन 21:19.
❑ क्या वह आपको नाजायज़ संबंध रखने के लिए लुभाती है?—गलतियों 5:19.
❑ क्या वह दूसरों पर हाथ उठाती है या गाली-गलौज करती है?—इफिसियों 4:31.
❑ क्या वह मन-बहलाव के लिए शराब पीना ज़रूरी समझती है?—नीतिवचन 20:1.
❑ क्या वह खुदगर्ज़ है और दूसरों से जलती है?—1 कुरिन्थियों 13:4,5.