नासा की तसवीर
सतर्क रहिए!
क्या कोई ऐसी सरकार है जो हमेशा टिकी रहेगी?—इस बारे में पवित्र शास्त्र में क्या लिखा है?
आज पूरी दुनिया में सरकारों की हालत बहुत खराब है। जिन देशों को देखकर लगता है कि यहाँ की सरकारों को कभी कुछ नहीं होगा, वहाँ भी चीज़ें ठीक नहीं हैं। जैसे, राजनेताओं के बारे में शर्मनाक खुलासे हो रहे हैं, चुनावों में बराबरी की टक्कर से नतीजे साफ समझ नहीं आ रहे हैं, राजनैतिक मुद्दों पर लोग बँटे हुए हैं और दंगे-फसाद हो रहे हैं।
बाइबल में एक ऐसी सरकार के बारे में बताया है जिसमें कोई राजनैतिक उथल-पुथल नहीं और जो हमेशा तक टिकी रहेगी। शायद आपने इस सरकार के बारे में सुना हो। यीशु ने इस सरकार के बारे में तब बताया जब वह अपने शिष्यों को प्रार्थना करना सिखा रहा था।
“इसलिए, तुम इस तरह प्रार्थना करना: ‘हे हमारे पिता तू जो स्वर्ग में है, तेरा नाम पवित्र किया जाए। तेरा राज आए। तेरी मरज़ी जैसे स्वर्ग में पूरी होती है, वैसे धरती पर भी पूरी हो।’”—मत्ती 6:9, 10.
बाइबल में इस राज के बारे में क्या बताया है?
वह राज जो हमेशा तक टिका रहेगा
परमेश्वर का राज स्वर्ग से शासन कर रहा है।
यीशु ने इस सरकार को “स्वर्ग का राज” कहा। (मत्ती 4:17; 5:3, 10, 19, 20) और इसलिए उसने कहा: “मेरा राज इस दुनिया का नहीं।”—यूहन्ना 18:36.
इंसानी सरकारें हटा दी जाएँगी और फिर यह राज शासन करेगा।
बाइबल में लिखा है: “वह राज इन सारी [इंसानी] हुकूमतों को चूर-चूर करके उनका अंत कर डालेगा और सिर्फ वही हमेशा तक कायम रहेगा।”—दानियेल 2:44.
इस राज का राजा यीशु मसीह है और इस राज की जगह कभी कोई नहीं लेगा।
बाइबल में लिखा है: “उसका राज करने का अधिकार सदा बना रहेगा, वह कभी नहीं मिटेगा और उसका राज कभी नाश नहीं होगा।”—दानियेल 7:13, 14.
इस राज की वजह से धरती पर शांति और सुरक्षा होगी।
बाइबल में लिखा है: “हर कोई अपनी अंगूरों की बेल और अपने अंजीर के पेड़ तले बैठेगा और कोई उसे नहीं डराएगा, क्योंकि यह बात सेनाओं के परमेश्वर यहोवा ने कही है।”—मीका 4:4.
परमेश्वर के राज के बारे में और जानिए
जब यीशु धरती पर था तो उसने अपना सारा वक्त “राज की खुशखबरी का प्रचार” करने में लगाया। (मत्ती 9:35) उसने यह भविष्यवाणी भी की:
“राज की इस खुशखबरी का सारे जगत में प्रचार किया जाएगा ताकि सब राष्ट्रों को गवाही दी जाए और इसके बाद अंत आ जाएगा।”—मत्ती 24:14.
आज 240 से भी ज़्यादा देशों में राज की खुशखबरी का प्रचार किया जा रहा है। इस सरकार के शासन से फायदा पाने के लिए आपको क्या करना होगा? हम आपको बढ़ावा देते हैं कि आप इस सरकार के बारे में और जानें।
यह वीडियो देखिए: परमेश्वर का राज क्या है?