भेक या मेंढक फ़र्क क्या है?
सदियों से भेक और मेंढक बदनाम रहे हैं। “उनसे मस्से हो जाते हैं।” “डाइनें लोगों को भेकों और मेंढकों में बदल सकती हैं।” किसने भद्दे मेंढक की परी कथा नहीं सुनी जो राजकुमारी के चूमने से एक सुन्दर राजकुमार बन जाता है? लेकिन, बच्चों के टी.वी. कार्यक्रम “सॆसॆमी स्ट्रीट” में और “द मपॆट शो” में ‘करमॆट मेंढक’ की लोकप्रियता से मेंढकों को ज़्यादा अनुकूल प्रतिक्रिया मिल रही है। मेंढकों और भेकों के बारे में सच्चाई क्या है? वे कैसे फ़र्क हैं?
आइए किसी भी ग़लतफ़हमी को दूर करें—मस्से जीवाणुओं से होते हैं भेकों से नहीं। और परी कथाएँ तो सिर्फ़ वही हैं—परी कथाएँ, मनगढ़न्त कहानियाँ और कल्प-कथाएँ। और हालाँकि डाइनें होती हैं, वे एक व्यक्ति को मेंढक या भेक में नहीं बदल सकतीं।
मेंढक और भेक संसार के अधिकांश भागों में पाए जाते हैं, लेकिन अंटार्टिका में कोई मेंढक नहीं हैं, ना ही आर्कटिक और ऑस्ट्रेलिया में कोई भेक हैं। मेंढकों और भेकों की लगभग ३,८०० जातियाँ हैं, जिनमें से ३०० से अधिक भेक हैं। सो आप एक मेंढक और भेक में भिन्नता कैसे दिखा सकते हैं? द वर्ल्ड बुक एनसाइक्लोपीडिया (अंग्रेज़ी) उत्तर देती है: “अधिकांश असली भेकों का अधिकांश असली मेंढकों से ज़्यादा चौड़ा और चपटा शरीर, और ज़्यादा काली और शुष्क चमड़ी होती है। असली भेक सामान्यतः मस्सों से भरे होते हैं, लेकिन असली मेंढकों की चमड़ी चिकनी होती है। अधिकांश असली मेंढकों से भिन्न, अधिकतर असली भेक भूमि पर रहते हैं। वयस्क पानी में सिर्फ़ प्रजनन के लिए जाते हैं।” मेंढक साधारणतया पानी के पास पाए जाते हैं, और आपके आने की आवाज़ सुनते ही पानी में कूदने के लिए तैयार रहते हैं। अधिकांश मेंढकों के केवल ऊपर के जबड़े में दाँत होते हैं। भेकों के दाँत नहीं होते। अतः, दोनों ही अपने शिकार को समूचा निगल जाते हैं।
अनेक मेंढक और भेक बहुत तेज़ विष उत्पन्न करते हैं। ललछौहें रंगवाला कोस्टा रीका का विष वाण मेंढक (डेंड्रोबेट्स प्युमिलियो) एक उदाहरण है। कुछ मेंढक-विष आसानी से एक व्यक्ति को मार सकते हैं। पुस्तक जीवविज्ञान (अंग्रेज़ी) कहती है: “उष्णकटिबन्ध में आदिवासी जातियाँ अकसर अपने बाणों की नोकों को इन मेंढकों पर रगड़ने के द्वारा उनको विषैला बना देती हैं।” बाइबल की प्रकाशितवाक्य नामक पुस्तक में, “अशुद्ध उत्प्रेरित अभिव्यक्तियों” की समानता मेंढकों से की गयी है। इसका क्या कारण हो सकता है? क्योंकि मूसा की व्यवस्था में, मेंढक भोजन के लिए अशुद्ध थे। भेकों का बाइबल में उल्लेख नहीं है।—प्रकाशितवाक्य १६:१३, NW; लैव्यव्यवस्था ११:१२.
[पेज 27 पर तसवीरें]
दाएँ: भेक। नीचे: मेंढक