जॉर्जा—प्राचीन धरोहर सुरक्षित है
सजग होइए! संवाददाता द्वारा
क्या आप ४,६०० मीटर ऊँचे बर्फ़ से ढके पहाड़ों के बीच बसे उपजाऊ घाटियों के देश में रहना चाहेंगे, जहाँ कुछ लोग १०० साल तक और उससे भी ज़्यादा जीते हैं? जॉर्जा के निवासियों के लिए यह मात्र एक स्वप्न नहीं है। यह एक वास्तविकता है।
जॉर्जा यूरोप और एशिया के बीच भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमा पर है। प्राचीन समय में, जॉर्जा प्रसिद्ध सिल्क रोड (रेशम मार्ग) पर एक महत्त्वपूर्ण स्थान था, वही मार्ग जिससे मार्को पोलो चीन गया था। पूरब और पश्चिम के बीच इस संबंध के कारण जॉर्जा को आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से लाभ हुआ, लेकिन कभी-कभी आक्रमणकारी भी इस मार्ग से गुज़रना लाभकारी पाते थे। एक अनुमान के अनुसार, जॉर्जा की राजधानी, टबिलसी को २९ बार नाश किया गया! आज, टबिलसी चहल-पहल और रौनक़ का नगर है, जो एक सबवे (भूमिगत रेलमार्ग) और पुराने वास्तु-शैली स्मारक-भवनों के साथ मिली-जुली आधुनिक इमारतों पर घमंड करता है।
जॉर्जा का लगभग ८७ प्रतिशत क्षेत्र पहाड़ी है। यहाँ बर्फीले और उजाड़ ऊपरी प्रदेश से निकलकर निचले प्रदेश से होती हुई २५,००० नदियाँ बहती हैं। इनमें से अनेक नदियाँ मछलियों से लबलबा रही हैं। देश के एक-तिहाई से ज़्यादा हिस्से में जंगल या झाड़-झंखाड़ हैं। जॉर्जा की उत्तरी सीमा पर कॉकासस पर्वतमाला देश के भीतरी भाग को उत्तर से आनेवाली ठंड से बचाती है। इस प्रकार स्थित होना पश्चिमी जॉर्जा को काले सागर से बहनेवाली आद्र हवा से गरम करता है—यह एक कारण है कि जॉर्जा क्यों सैलानियों का मनपसंद पड़ाव है। दुनिया की बहुत पुरानी और बहुत बढ़िया दाखमधु बनाने की परंपरा में भी सुहावने मौसम का हाथ रहा है। असल में, जॉर्जा ५०० से अधिक अलग-अलग तरह की दाख और दाखमधु का उत्पादन करता है!
लेकिन, जॉर्जा की सबसे बड़ी संपत्ति है उसके लोग। युगों से उन्हें उनकी दिलेरी, अक्लमंदी, और खुलकर पहुनाई करने, साथ ही उनके मज़ाकिया स्वभाव और ज़िंदगी से प्यार के लिए पहचाना जाता है। उनकी संस्कृति गीत और नृत्य से भरपूर है, और जॉर्जा के घरों में भोजन के समय अभी-भी प्रायः लोकगीत गाये जाते हैं।
जॉर्जा का एक लंबा साहित्यिक इतिहास भी है, जो पाँचवीं शताब्दी से है। जॉर्जन उन आरंभिक भाषाओं में से एक थी जिनमें बाइबल का अनुवाद किया गया, जिसमें अनोखी और सुंदर जॉर्जन अक्षरमाला का प्रयोग किया गया। यह सारी संस्कृति जॉर्जा के अतीत के साथ एक सजीव कड़ी जोड़ती है—आधुनिक देश में प्राचीन धरोहर सुरक्षित है।
[पेज 25 पर तसवीरें]
Pat O’Hara/Corbis
[पेज 26 पर तसवीरें]
१. जॉर्जन बाइबल
२. कुछ निवासी १०० साल तक और उससे भी ज़्यादा जीते हैं!
३. टबिलसी में चहल-पहल वाली एक सड़क
[चित्र का श्रेय]
Dean Conger/Corbis