गुप्त धन की खोज करना
सन १८४८ में, कॅलिफॉरनिया, यू.एस.ए. में सटर्स् मिल पर सोना पाया गया। सन १८४९ तक हज़ारों लोग अचानक धनी बनने की आशा करते हुए उस क्षेत्र पर अभिसरित हो रहे थे, और संयुक्त राज्य के इतिहास में सोने के लिए सबसे बड़ी रेल-पेल शुरू हो गई। एक साल में, सबसे नज़दीक का बन्दरगाह, सेन फ्रान्सिस्को, एक छोटे नगर से २५,००० लोगों का शहर बन गया। अचानक धन की प्रत्याशा एक शक्तिशाली प्रलोभन प्रमाणित हुई।
प्राचीन इस्राएल का राजा सुलैमान जानता था कि गुप्त धन के लिए लोग कितने परिश्रम के साथ खुदाई करते थे, और उसने इसका उल्लेख किया जब उसने लिखा: “यदि तू . . . प्रवीणता और समझ के लिये अति यत्न से पुकारे, और उसको चान्दी की नाईं ढूंढ़े, और गुप्त धन के समान उसकी खोज में लगा रहे; तो तू यहोवा के भय को समझेगा, और परमेश्वर का ज्ञान तुझे प्राप्त होगा।”—नीतिवचन २:१, ३-५.
आप सोने और चाँदी के साथ बहुत कुछ कर सकते हैं, लेकिन प्रवीणता और समझ के साथ आप और अधिक कर सकते हैं। सही निर्णय करने, समस्याओं को सुलझाने, विवाह में सफल होने, और ख़ुशी प्राप्त करने में ये आपकी सहायता करेंगे। (नीतिवचन २:११, १२) इसी प्रकार, अपने सृष्टिकर्ता को जानने, उसके उद्देश्यों को समझने, और उसकी आज्ञा पालन करने तथा उसे प्रसन्न करने में सही ज्ञान और बुद्धि आपकी सहायता करेंगी। सोना आपको कोई भी ऐसी चीज़ नहीं दे सकता।
बाइबल के शब्द सत्य हैं: “बुद्धि एक आश्रय है जैसे पैसा एक आश्रय है, परन्तु ज्ञान का लाभ यह है: कि बुद्धि अपने स्वामी के प्राण को बचाती है।” (सभोपदेशक ७:१२, न्यू इंटरनॅशनल वर्शन) जबकि अनेक लोग अचानक धनी बनने का स्वप्न देखते हैं, बाइबल खोलकर उस समझ, प्रवीणता, ज्ञान, और बुद्धि की खोज करना कितनी अधिक बुद्धिमत्ता की बात है, जो वास्तविक धन हैं।