मलावी से सुसमाचार!
नवंबर १५, १९९३ के दिन, दक्षिणपूर्व अफ्रीकी देश, मलावी में वॉच टावर बाइबल एण्ड ट्रैक्ट सोसाइटी ऑफ़ पेन्सिल्वेनिया को औपचारिक रूप से रजिस्टर किया गया। यह यहोवा के गवाहों को क़ानूनी पहचान और आज़ादी देगा ताकि वे मलावी के लोगों को बाइबल की सच्चाइयों का प्रचार कर सकें।
वर्ष १९४८ में, मलावी में यहोवा के गवाहों के कार्य को समन्वित करने के लिए वहाँ वॉच टावर सोसाइटी का एक शाखा कार्यालय स्थापित किया गया था। जनवरी ८, १९५७ के दिन, वॉच टावर सोसाइटी वहाँ पर पहली बार रजिस्टर की गई। अनेक वर्षों तक यहोवा के गवाहों ने तेज़ वृद्धि का आनंद लिया। लेकिन १९६४ में हिंसात्मक सताहट शुरू हो गई। क्यों?
परमेश्वर की आज्ञाकारिता में, यहोवा के गवाहों ने राजनीति में पूरी तटस्थता बनाए रखी। (यूहन्ना १७:१६) स्पष्टतया, कुछ लोगों ने इस शास्त्रीय स्थिति को ठीक से नहीं समझा और गवाहों को एक अतिवादी धर्म और विधि बहिष्कृत लोग समझकर उनके बारे में ग़लत बयान दिया। इसलिए, कुछ लोगों ने इन शांतिप्रिय मसीहियों को सताना उचित समझा। अनेक गवाहों को उनकी नौकरियों से निकाला गया, लूटा गया, पीटा गया, और अन्य तरीक़ों से उनका अपमान किया गया। कुछ लोगों को जबरन उनके बच्चों से जुदा किया गया।
वर्ष १९७२ में, ३०,००० से भी ज़्यादा गवाहों को और कुछ लोगों को जो उनके साथ बाइबल अध्ययन कर रहे थे, अपनी जान गँवाने के डर से देश छोड़कर जाना पड़ा। हज़ारों लोग पड़ोसी देश मोज़म्बिक में शरणार्थी शिविरों में बस गए। लेकिन १९७५ में इन शरणार्थियों को वापस मलावी भेज दिया गया, जहाँ उन्हें अधिक सताहट का सामना करना पड़ा। अनेक शरणार्थियों को नज़रबंदी शिविरों में रखा गया। इस खलबली के बीच, वॉच टावर सोसाइटी का नाम मलावी के क़ानूनी संगठनों की औपचारिक सूची में से काट दिया गया। तब से उस देश में यहोवा के गवाह और उनके क़ानूनी संगठनों पर पाबंदी रही।
इन बदलती परिस्थितियों के बावजूद, गवाहों ने प्रतिकार नहीं किया। उन्होंने सरकार का विरोध करने के लिए कभी उत्तेजित भीड़ इकट्ठी नहीं की या कभी दंगे नहीं किए। इसके बदले, उन्होंने सरकारी “प्रधान अधिकारियों” के प्रति उचित सम्मान और आदर दिखाने की अपनी मसीही बाध्यता को प्रार्थनापूर्वक बनाए रखा। (रोमियों १३:१-७; १ तीमुथियुस २:१, २) गवाहों ने बाइबल में बताए गए मसीही जीवन के उच्च स्तरों का भी समर्थन किया और इस प्रकार आचरण में एक सर्वोत्तम उदाहरण रखा है।
अपनी हाल ही में मिली नई आज़ादी के साथ, मलावी में यहोवा के गवाह अत्यावश्यक रूप से बाइबल सच्चाइयों को “अनुकूल समय में”, प्रचार करते रहने के लिए दृढ़ निश्चयी हैं।—२ तीमुथियुस ४:२, NW.
[पेज 31 पर तसवीर]
दशक १९६० में एम. जी. हेन्शेल मलावी बेथेल परिवार के साथ