वॉचटावर ऑनलाइन लाइब्रेरी
वॉचटावर
ऑनलाइन लाइब्रेरी
हिंदी
  • बाइबल
  • प्रकाशन
  • सभाएँ
  • w96 2/15 पेज 23-26
  • पुर्तगाल में बाइबल सच्चाई फैलाना

इस भाग के लिए कोई वीडियो नहीं है।

माफ कीजिए, वीडियो डाउनलोड नहीं हो पा रहा है।

  • पुर्तगाल में बाइबल सच्चाई फैलाना
  • प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है—1996
  • उपशीर्षक
  • धार्मिक रूप से प्रवृत्त लोगों की मदद करना
  • रिश्‍तेदारों के साथ सच्चाई बाँटना
  • “उन्हें मैं लात मारकर हंटर से भगा दूँगा”
  • बारंबार कार्य किए गए क्षेत्र में
प्रहरीदुर्ग यहोवा के राज्य की घोषणा करता है—1996
w96 2/15 पेज 23-26

पुर्तगाल में बाइबल सच्चाई फैलाना

उत्तर में कॉमीन्यॉ से दक्षिण में वीला रीऑल डा सांटू आँटॉन्यू तक, हज़ारों रंगीन मछुवाही किश्‍तियाँ पुर्तगाल के अतलान्तक तट पर ८०० किलोमीटर तक फैली हुई हैं। मछुए लोग शताब्दियों से ‘जहाज़ों पर समुद्रों में गए’ हैं, जिससे मछली अनेक पुर्तगालियों के लिए मुख्य खाद्य सामग्री है।—भजन १०७:२३.

गत ७० वर्षों से, पुर्तगाल में एक और तरह की मछुवाही हो रही है। यहोवा के साक्षी हज़ारों लाक्षणिक मछलियों तक सुसमाचार पहुँचाने में व्यस्त रहे हैं। (मत्ती ४:१९) मई १९९५ में वहाँ ४४,६५० राज्य प्रकाशकों का एक शिखर था—क़रीब २१० निवासियों में से १ का अनुपात। कुछ शहरों में अनुपात इसका आधा है।

इतने सारे कार्यकर्ताओं के साथ, अनेक इलाक़ों में साक्ष्य क्षेत्र लगभग हर सप्ताह पूरे किए जाते हैं। अतः पुर्तगाली साक्षी दूसरों के साथ अपनी बाइबल आशा को बाँटने के लिए अलग-अलग तरीक़ों का प्रयोग करने के लिए बहुत ही उत्सुक हैं। जी हाँ, वे बाइबल सच्चाई को संभव हर तरीक़े से प्रचार करने के महत्त्व की क़दर करते हैं।—१ कुरिन्थियों ९:२०-२३.

धार्मिक रूप से प्रवृत्त लोगों की मदद करना

वर्ष १९९१ की एक जनगणना के अनुसार, पुर्तगाल में १८ वर्ष या उससे अधिक की उम्र के ७० फीसदी लोग रोमन कैथोलिक होने का दावा करते हैं। इसके बावजूद, लोगों में बाइबल के ज्ञान की कमी है। समाचार-पत्र ज़ोरनल डा नोटीस्यॉस ने कहा: “यह कैथोलिक जगत की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है: बाइबल की अज्ञानता!” यह ऐसा क्यों है? पुर्तगाली समाचार-पत्र एसप्रेसो इसका जवाब देता है। फैतामा में ५०० पादरियों की एक सभा के बारे में रिपोर्ट करते हुए समाचार-पत्र कहता है: “धर्माधिकारी के अनुसार, यह आवश्‍यक है कि पादरी ख़ुद को अन्तहीन कार्यों से मुक्‍त करे ताकि वह पूरी तरह से ‘घोषक’ के रूप में अपने पद को पुनःस्थापित कर सके। . . . अगर पादरी सुसमाचार के प्रचार में अपना प्राण लगा देता है, तो उसके पास किसी भी अन्य कार्य के लिए समय नहीं होगा।”

इसकी विषमता में, पुर्तगाल में यहोवा के साक्षी हर सम्भव तरीक़े से बाइबल सच्चाई का प्रचार करने में व्यस्त हैं। परिणामस्वरूप, अनेक निष्कपट कैथोलिक लोग बाइबल का ज्ञान पा रहे हैं।

कॉर्लोटा एक श्रद्धालु कैथोलिक और एक धार्मिक संघ में एक युवा समूह की सदस्या थी। वह बालविहार में एक शिक्षिका भी थी जहाँ एक साक्षी, आँटॉन्यू काम करता था। एक नियमित पायनियर, अथवा पूर्ण-समय के सेवक के तौर पर, आँटॉन्यू हमेशा अपने सहकर्मियों के साथ खाने की छुट्टी के दौरान बाइबल के बारे में बात करने की कोशिश करता था। एक दिन कॉर्लोटा ने उसे नरकाग्नि और मरियम के पंथ में विश्‍वास के बारे में पूछा। आँटॉन्यू ने उसे दिखाया कि बाइबल इन विषयों के बारे में क्या सिखाती है, और यह अनेक बाइबल चर्चाओं की शुरूआत थी। जब कॉर्लोटा स्थानीय राज्य गृह में अपनी पहली सभा में उपस्थित हुई, तो वह बहुत प्रभावित हुई। लेकिन, सभा का और उस धार्मिक संघ का समय, जिसमें वह जाती थी, एक ही था। उसे एहसास हुआ कि उसे एक निर्णय करना पड़ेगा। वह क्या करती?

कॉर्लोटा ने पूरे युवा समूह को इकट्ठा किया और उन्हें बाइबल से समझाया कि वह क्यों इस्तीफ़ा दे रही थी। स्टॆला नामक एक युवती के अलावा, जिसने कान लगाकर सुना, सभी लोगों ने उसके निर्णय की आलोचना की। जब कॉर्लोटा ने बाद में उसके साथ बात की, तब स्टॆला ने जीवन के उद्‌गम और उद्देश्‍य के बारे में अनेक सवाल पूछे। कॉर्लोटा ने उसे पुस्तक जीवन—यह यहाँ कैसे आया? क्रमविकास से या सृष्टि से?a (अंग्रेज़ी) दी और उसके साथ एक बाइबल अध्ययन आरम्भ किया।

इस बीच कॉर्लोटा ने उत्तम आध्यात्मिक प्रगति की, जून १९९१ में बपतिस्मा प्राप्त किया, और छः महीने बाद एक नियमित पायनियर के रूप में सेवा करने लगी। मई १९९२ में उसका और आँटॉन्यू का विवाह हुआ, और उन्होंने एक ऐसी पड़ोसी कलीसिया में एकसाथ पायनियर सेवा करना जारी रखा जहाँ ज़्यादा ज़रूरत है। और स्टॆला? उसने मई १९९३ में बपतिस्मा प्राप्त किया और अब एक नियमित पायनियर के रूप में सेवा करती है।

युवा फ्रांसिशकू बहुत ही धार्मिक था। हर रविवार वह सुबह मिस्सा में और दोपहर को रोसरी पाठ में उपस्थित होता था। वह गिरजा-घर सेवक के रूप में सेवा करता था, और मिस्सा के दौरान पादरी की मदद करता था। उसने परमेश्‍वर से यह भी प्रार्थना की कि उसे किसी दिन एक “सन्त” बनाया जाए!

फ्रांसिशकू सचमुच एक बाइबल पाना चाहता था, और एक दिन उसके एक मित्र ने उसे एक बाइबल दी। उसे यह पाकर आश्‍चर्य हुआ कि परमेश्‍वर का एक नाम है, यहोवा। (निर्गमन ६:३; भजन ८३:१८) जब उसने निर्गमन २०:४, ५ में पढ़ा कि परमेश्‍वर उपासना में मूर्तियों के प्रयोग का निषेध करता है, तो वह और भी चकित हुआ! यह देखकर कि गिरजा मूर्तियों से भरा पड़ा था, उसने परमेश्‍वर से भाव-प्रवण प्रार्थना की कि वह उसे इस सारी उलझन को समझने में मदद करे। कई दिनों बाद उसकी मुलाक़ात एक भूतपूर्व स्कूल-साथी से हुई और उसने उससे पूछा कि उसने संध्या स्कूल क्यों छोड़ दिया।

“मैं अब एक बेहतर संध्या स्कूल में उपस्थित हो रहा हूँ,” उसके मित्र ने जवाब दिया।

“वह कौन-सा स्कूल है, और तुम क्या पढ़ रहे हो?” फ्रांसिशकू ने पूछा। वह उस मित्र के जवाब से बिलकुल ही आश्‍चर्यचकित हो गया।

“मैं यहोवा के साक्षियों के राज्य गृह में बाइबल का अध्ययन कर रहा हूँ,” मित्र ने उससे कहा। “क्या तुम भी आना चाहोगे?”

फ्रांसिशकू ने अपनी पहली सभा में जो देखा उस पर मुश्‍किल से विश्‍वास कर सका—आनन्दित, मुस्कुराते हुए चेहरे; स्नेही, मैत्रीपूर्ण तरीक़े से एक दूसरे के साथ बात करते लोग; बच्चे अपने माता-पिता के साथ बैठकर जो कहा जा रहा था उस पर ध्यान दे रहे थे।

“मैं यहाँ एक बिलकुल ही अजनबी था, और मुझे लगा कि मैं इस परिवार का एक भाग हूँ!” फ्रांसिशकू ने कहा। वह तब से लगातार सभाओं में उपस्थित हो रहा है। अब फ्रांसिशकू कलीसिया में एक प्राचीन के तौर पर सेवा करता है, और अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ, वह परमेश्‍वर के वचन की महान राज्य प्रतिज्ञाओं में आनन्द मनाता है।

रिश्‍तेदारों के साथ सच्चाई बाँटना

लिज़बन क्षेत्र में एक नियमित पायनियर, मॆन्वेलॆ को रिश्‍तेदारों समेत, सभी को नम्रतापूर्वक गवाही देने में उसकी लगन के कारण आध्यात्मिक मछलियों की एक विशाल पकड़ मिली है। उनमें उसका सगा भाई, ज़ूज़े इद्वार्डू था, जो कराटे और शस्त्रों के प्रयोग में प्रशिक्षित था। उसने इतनी बार नियमों का उल्लंघन किया था कि आख़िरकार उस पर २२ आरोपों के लिए मुक़दमा चलाया गया और जेल में २० साल की सज़ा दी गयी। वह इतना हिंसक था कि उसके सहवासी भी उससे डरते थे, और उसे एक अति-सुरक्षित कालकोठरी में रखा गया था।

सात साल तक मॆन्वेलॆ ने धीरज से ज़ूज़े इद्वार्डू से भेंट की, लेकिन उसने हमेशा उसके बाइबल संदेश को नकारा। अततः, जब पुस्तक जीवन—यह यहाँ कैसे आया? क्रमविकास से या सृष्टि से? प्रकाशित की गयी, उसने उसे स्वीकारा, और एक बाइबल अध्ययन आरम्भ किया गया। उसने फ़ौरन अपने आचरण में उल्लेखनीय परिवर्तन किए। एक सप्ताह के पश्‍चात्‌ उसने २०० क़ैदियों को व्यक्‍तिगत साक्ष्य दी, और उसके अगले सप्ताह ६०० और क़ैदियों को। उसे अन्य जेल कोठरियों में सहवासियों की भेंट करने की अनुमति भी मिली। उसके व्यवहार में उल्लेखनीय परिवर्तन के कारण, सज़ा घटाकर १५ साल कर दी गयी। १० साल गुज़ारने के बाद, उसे परिवीक्षा पर रिहा किया गया। तब से पाँच साल गुज़र चुके हैं, और अब ज़ूज़े इद्वार्डू यहोवा का एक बपतिस्मा प्राप्त साक्षी है, और स्थानीय कलीसिया में एक सहायक सेवक के रूप में सेवा कर रहा है। सचमुच, ‘भेड़िए का भेड़ के बच्चे के संग रहने’ का एक मामला!—यशायाह ११:६.

अपने परिवार को साक्ष्य देने के जारी प्रयास के कारण मॆन्वेलॆ को अपने पति और अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों को यहोवा की सेवा में सक्रिय बनने में मदद देने का आनन्द मिला है। उसका पति अब एक सहायक सेवक है।

“उन्हें मैं लात मारकर हंटर से भगा दूँगा”

मारिया डू कॉर्मू एक लिज़बन उपनगर में रहती थी, जब साक्षियों ने उससे भेंट की। उसने जो सुना वह उसे अच्छा लगा और उसने अपने पति, आँटॉन्यू से पूछा कि क्या वह घर पर एक बाइबल अध्ययन कर सकती है। “उसके बारे में सोचो भी मत!” उसने जवाब दिया। “अगर मैंने कभी भी हमारे घर में यहोवा के साक्षियों को देख लिया, तो उन्हें मैं लात मारकर हंटर से भगा दूँगा।” आँटॉन्यू एक कराटे प्रशिक्षक और तीसरी श्रेणी का ब्लैक बॆल्ट था। सो मारिया डू कॉर्मू ने अपना बाइबल अध्ययन कहीं और संचालित करने का निर्णय किया।

बाद में, आँटॉन्यू को कराटे में आठ-दिन के कोर्स के लिए इंग्लैंड जाना पड़ा, और मारिया डू कॉर्मू ने उसके सूटकेस में सावधानीपूर्वक प्रकाशन बाइबल कहानियों की मेरी पुस्तक रख दिया।b क्योंकि आँटॉन्यू के पास अपने सफ़र में काफ़ी समय था, उसने उस पुस्तक को पढ़ा। लौटते समय, एक तूफ़ान ने हवाई-जहाज़ को ज़ोरदार रूप से हिला दिया, और उसे उतरने में कठिनाई हुई। अपने जीवन में पहली बार आँटॉन्यू ने यहोवा से प्रार्थना की।

जब आँटॉन्यू घर लौटा, तो जो साक्षी उसकी पत्नी के साथ अध्ययन संचालित कर रही थी, उसने उसे एक सभा के लिए आमंत्रित किया। उसने वह स्वीकार किया और पाया कि सभी लोग बहुत ही मैत्रीपूर्ण थे। एक बाइबल अध्ययन के लिए प्रबंध किए गये, और थोड़े ही समय में, आँटॉन्यू ने जान लिया कि उसे कुछ निर्णय करने थे। इसका परिणाम यह निकला कि उसने कराटे सिखाना छोड़ दिया और अपने विद्यार्थियों को सिखाने लगा कि कैसे अब और अनन्तकाल तक शान्तिपूर्ण जीवन जीएँ। उनमें से एक, जो ख़ुद भी एक ब्लैक बॆल्ट है, अब एक बपतिस्मा प्राप्त मसीही है।

जहाँ तक आँटॉन्यू की बात है, उसने अप्रैल १९९१ को बपतिस्मा प्राप्त किया। अपने बपतिस्मे के अगले दिन से ही उसने एक सहयोगी पायनियर के रूप में सेवा करनी शुरू की। छः महीने बाद वह एक नियमित पायनियर के रूप में सेवा करने लगा, और जल्द ही वह १२ गृह बाइबल अध्ययन संचालित कर रहा था। जुलाई १९९३ को उसे कलीसिया में एक सहायक सेवक के तौर पर नियुक्‍त किया गया।

बारंबार कार्य किए गए क्षेत्र में

देश के अनेक इलाक़ों में, क्षेत्र को लगभग हर सप्ताह पूरा किया जाता है। साक्षी अपनी “मछुवाही” गतिविधियों को उत्पादक रूप से कैसे पूरा करते हैं?

ज़्वाऊँ हर घर में हर व्यक्‍ति से संपर्क करने की कोशिश करता है। एक स्त्री से भेंट करते समय, उसने पूछा कि क्या घर में रहनेवाले अन्य व्यक्‍ति हैं। उस स्त्री ने कहा कि वहाँ उसका पति और दो बेटे रहते हैं, लेकिन उनसे संपर्क करना आसान नहीं होगा क्योंकि वे काम करते थे और घर पर केवल शाम को होंगे। सो ज़्वाऊँ ने अपना गवाही कार्य जारी रखा और इलाक़े में अन्य लोगों से भेंट की। क़रीब डेढ़ घंटे बाद एक पुरुष उसके पास आया।

“आपने कहा कि आप मेरे साथ बात करना चाहते थे,” उस पुरुष ने ज़्वाऊँ से कहा। “कृपया बताइए कि आपको क्या चाहिए।”

“माफ़ कीजिए, लेकिन मैं आपको नहीं जानता,” ज़्वाऊँ ने चकित होकर उत्तर दिया। “आप कौन हैं?”

“मैं आँटॉन्यू हूँ, और मैं इस सड़क पर वहाँ रहता हूँ। आपने मेरी माँ से कहा कि आप शेष परिवार से बात करना चाहते थे, सो मैं यह पता लगाने के लिए आया हूँ कि आपको क्या चाहिए।”

ज़्वाऊँ ने आँटॉन्यू को एक अच्छी साक्षी दी और उसके साथ एक बाइबल अध्ययन आरम्भ किया। दूसरे अध्ययन के बाद, आँटॉन्यू ने पूछा कि क्या अध्ययन सप्ताह में दो बार रखा जा सकता है। केवल चार महीनों में, वह ज़्वाऊँ के साथ हो लिया और अपनी ही सड़क पर सुसमाचार का प्रचार करने लगा। तीन महीने बाद उसका बपतिस्मा हुआ। हाल ही में उसकी माँ ने भी बाइबल का अध्ययन करना शुरू किया। सेवकाई में घराने के सभी सदस्यों के साथ बात करने की कोशिश करना कितना महत्त्वपूर्ण है!

ऐसे उत्तेजक अनुभव दिखाते हैं कि अब भी पुर्तगाल के पानी में बहुत आध्यात्मिक मछुवाही करना बाक़ी है। यहोवा ने वहाँ के मेहनती साक्षियों को हज़ारों प्रगतिशील बाइबल अध्ययनों की आशिष दी है। जैसे-जैसे वे सभी लोगों को बाइबल सच्चाई का प्रचार करने के लिए अधिकाधिक मार्गों को ढूँढ़ निकालना जारी रखते हैं, फिलिप्पी के मसीहियों को पौलुस के शब्द पुर्तगाल में आज सचमुच पूरे हो रहे हैं: “हर प्रकार से . . . मसीह की कथा सुनाई जाती है।”—फिलिप्पियों १:१८.

[फुटनोट]

a वॉचटावर बाइबल एण्ड ट्रैक्ट सोसाइटी द्वारा प्रकाशित।

b वॉचटावर बाइबल एण्ड ट्रैक्ट सोसाइटी द्वारा प्रकाशित।

[पेज 23 पर तसवीरें]

(भाग को असल रूप में देखने के लिए प्रकाशन देखिए)

स्पेन

पुर्तगाल

[पेज 24, 25 पर तसवीरें]

पुर्तगाल के साक्षी हर अवसर का प्रयोग बाइबल सच्चाई को प्रचार करने के लिए करते हैं

    हिंदी साहित्य (1972-2025)
    लॉग-आउट
    लॉग-इन
    • हिंदी
    • दूसरों को भेजें
    • पसंदीदा सेटिंग्स
    • Copyright © 2025 Watch Tower Bible and Tract Society of Pennsylvania
    • इस्तेमाल की शर्तें
    • गोपनीयता नीति
    • गोपनीयता सेटिंग्स
    • JW.ORG
    • लॉग-इन
    दूसरों को भेजें