क्या आपके लिए हमारा साहित्य अनमोल है?
हीरे और दूसरे बहुमोल पत्थर सिर्फ इसलिए कीमती नहीं होते क्योंकि वे बहुत खूबसूरत हैं बल्कि इसलिए कि उन्हें ढूँढ़ने, साथ ही उन्हें खोदकर निकालने में बहुत पैसा लगता है। यहोवा और यीशु का ज्ञान तो इन कीमती पत्थरों से कहीं अनमोल है और सिर्फ हमारे प्रकाशनों में ही इस आध्यात्मिक खज़ाने और परमेश्वर की बुद्धि के बारे में गहराई से समझाया जाता है। (रोमि. 11:33; फिलि. 3:8) तो फिर हम अपने साहित्य के लिए सच्ची कदर कैसे दिखा सकते हैं?
2 बहुत-से भाई-बहन और कई परिवार, नियमित रूप से दान देने के लिए कुछ रकम अलग रखते हैं और किंगडम हॉल में रखी गयी दान-पेटी में डालते हैं जिस पर लिखा है, “दुनिया भर में संस्था के काम के लिए दान—मत्ती 24:14.” इसके अलावा, भाई-बहन दुनिया-भर में होनेवाले काम के लिए दान तब देते हैं जब वे कलीसिया से साहित्य या पत्रिकाएँ लेते हैं और जब उन्हें क्षेत्र सेवकाई में लोगों से दान मिलता है।
3 साहित्य के लिए कदर दिखाने का दूसरा तरीका है, क्षेत्र सेवकाई में सोच-समझकर लोगों को पत्रिकाएँ देना। क्या हम किसी बच्चे को एक अनमोल हीरा देने की सोचेंगे, जो उसका मोल नहीं जानता? बिलकुल नहीं! उसी तरह हम अपना साहित्य उन लोगों को कभी नहीं देंगे जिन्हें आध्यात्मिक बातों की ज़रा-भी कदर नहीं है। (इब्रानियों 12:16 से तुलना कीजिए।) हालाँकि हम दूसरों की मदद करने और अपने साहित्य देने में उदारता ज़रूर दिखाएँगे, मगर ऐसा करते वक्त हमें अपनी समझ से काम लेना होगा। क्या घर-मालिक बात करना चाहता है? जब हम बोलते हैं तो क्या वह ध्यान से सुनता है, पूछे गए सवालों का जवाब देता है, और जब हम बाइबल पढ़ते हैं तो क्या वह भी साथ-साथ देखता है? जो ऐसी दिलचस्पी दिखाता है, उसे प्रकाशन देने में हमें वाकई खुशी होगी। जब हम अपने प्रकाशनों से लोगों को अध्ययन कराते हैं तो उन्हें यह जानने में मदद मिलती है कि बाइबल क्या सिखाती है और इस तरह उन्हें परमेश्वर के साथ एक रिश्ता कायम करने का मौका मिलता है। हमारे साहित्य से पूरा-पूरा फायदा तभी मिल सकता है जब हम इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल करते हैं।
4 किंगडम हॉल के शेल्फ पर या हमारे घर में पड़े साहित्य से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होता और इस तरह इसका सही इस्तेमाल भी नहीं होता है। पुरानी पत्रिकाओं, ब्रोशरों, जिल्दवाली किताबों और ट्रैक्ट का अच्छा इस्तेमाल किया जाना चाहिए। हमारे पास ऐसे कितने साहित्य पड़े हैं जिनकी इंवेन्ट्री हमने पिछली बार ली थी? यह देखकर शायद हम ताज्जुब करें कि हमारे पास कितना सारा साहित्य जमा है। क्या इनकी हालत अभी-भी अच्छी है यानी ज़्यादा दिन होने की वजह से वे पीले तो नहीं पड़े हैं, फटे या गंदे तो नहीं हुए? अगर वे सही-सलामत हैं तो हमें क्षेत्र सेवकाई में उन्हें बाँटने की हर मुमकिन कोशिश करनी चाहिए। अगर साहित्य खस्ता-हाल हैं तो उन्हें अपने निजी इस्तेमाल के लिए रखा जा सकता है, नहीं तो उन्हें वहाँ से हटाया जा सकता है। महीने की पेशकश पर हम खास ध्यान देंगे, मगर कभी-कभी दूसरा प्रकाशन भी पेश किया जा सकता है।
5 हमेशा इस बात पर खास ध्यान दीजिए कि आपको क्षेत्र सेवकाई में पेश करने के लिए कितने साहित्य की ज़रूरत है। इस मामले में सोच-समझकर फैसला करना ज़रूरी है। यह सच है कि आपको काफी साहित्य की ज़रूरत है खासकर तब, जब आप पायनियरिंग कर रहे हों। लेकिन बहुत ज़्यादा साहित्य इकट्ठा करने की ज़रूरत नहीं क्योंकि ज़रूरत पड़ने पर आप और भी साहित्य किंगडम हॉल में सभा से पहले या बाद में ले सकते हैं। हर महीने की शुरूआत में प्रचार में निकलने से पहले अपने पास काफी साहित्य रखिए और जैसे-जैसे साहित्य खत्म होता जाए और भी साहित्य ले लें।
6 हमारे प्रकाशनों से उन लोगों को सबसे ज़्यादा लाभ होता है जो परमेश्वर के वचन की सच्चाई की कदर करते हैं। हमें जो साहित्य दिए जाते हैं, उन्हें हम बुद्धि और समझदारी से पेश करें और इस तरह दिखाएँ कि हमारा साहित्य वाकई हमारे लिए अनमोल है।