Anton Petrus/Moment via Getty Images
सतर्क रहिए!
क्या बहुत जल्द विश्व युद्ध होनेवाला है?—इस बारे में पवित्र शास्त्र में क्या लिखा है?
पिछले 30 सालों के दौरान, बहुत-से लोगों को लगा कि कई देशों के बीच का रिश्ता काफी सुधर रहा है। पर हाल ही में हुई घटनाओं से पता चलता है कि शायद वे गलत सोच रहे थे।
“जब लेबनान की सरहद पर इज़राइल और हिज़बुल्लाह समूह के लोगों के बीच युद्ध शुरू हुआ, तो लोग डरने लगे कि गाज़ा युद्ध आस-पास के देशों में भी फैल जाएगा।”—6 जनवरी, 2024, रॉयटर्स।
“ईरान के कई समूह अलग-अलग इलाकों पर हमला कर रहे हैं। यही नहीं, ईरान अचानक फिर से परमाणु हथियार बनाने लगा है। और रूस और चीन भी ईरान का साथ दे रहे हैं। इसलिए अब ईरान, पश्चिम देशों के लिए एक नया खतरा बन गया है।”—7 जनवरी, 2024, द न्यू यॉर्क टाइम्स।
“रूस अब भी पूरे यूक्रेन पर लगातार तबाही मचा रहा है।”—11 जनवरी, 2024, यूएन न्यूज़।
“चीन की अर्थव्यवस्था और सैन्य शक्ति बढ़ती जा रही है। ताइवान देश का अहंकार बढ़ता ही जा रहा है। और चीन और अमरीका के बीच तनाव चल रहा है। इन सभी वजहों से युद्ध कभी-भी छिड़ सकता है।”—9 जनवरी, 2024, द जपान टाइम्स।
आज जिस तरह दुनिया में हालात अचानक बदल रहे हैं, उस बारे में क्या पवित्र शास्त्र, बाइबल में कुछ लिखा है? क्या इससे विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा?
आज जो घटनाएँ हो रही हैं, वे पहले से बाइबल में बतायी गयी थीं
बाइबल में यह नहीं बताया गया था कि आज कौन-कौन-से युद्ध होंगे। उसमें बस यह बताया गया था कि हमारे समय में पूरी दुनिया में कई युद्ध होंगे और इस वजह से ‘पृथ्वी पर शांति’ नहीं रहेगी।—प्रकाशितवाक्य 6:4.
बाइबल की किताब, दानियेल में भविष्यवाणी की गयी थी कि “अंत के समय में” दो विश्व शक्तियाँ आपस में ‘भिड़ेंगी,’ यानी पूरी दुनिया पर राज करने के लिए वे एक-दूसरे से लड़ेंगी। इसके लिए वे अपनी बड़ी सैन्य शक्ति का इस्तेमाल करेंगी और ढेर सारा “खज़ाना” यानी पैसा लगा देंगी।—दानियेल 11:40, 42, 43.
सबसे बड़ा युद्ध होना बाकी है
बाइबल में बताया गया है कि दुनिया के हालात ठीक होने से पहले और भी खराब होंगे। यीशु ने कहा कि ‘ऐसा महा-संकट होगा जैसा दुनिया की शुरूआत से अब तक नहीं हुआ।’ (मत्ती 24:21) इस “महा-संकट” का अंत हर-मगिदोन नाम के युद्ध से होगा। इस युद्ध को ‘सर्वशक्तिमान परमेश्वर के महान दिन का युद्ध’ कहा गया है।—प्रकाशितवाक्य 16:14, 16.
लेकिन हर-मगिदोन के युद्ध से मानवजाति खत्म नहीं होगी बल्कि बचेगी। इस युद्ध के ज़रिए परमेश्वर इंसान की सारी सरकारें मिटा देगा, जिनकी वजह से इतने युद्ध हो रहे हैं और तबाही मच रही है। हर-मगिदोन के बाद पूरी धरती पर हमेशा के लिए शांति होगी। यह कैसे होगा, यह जानने के लिए ये लेख पढ़िए: