क्या आप दिलचस्पी रखनेवालों के बारे में पूछताछ करते हैं?
क्या आप फिलहाल किसी के साथ बाइबल अध्ययन कर रहे हैं? अगर हाँ, तो क्यों न अपने विद्यार्थी से पूछें कि उसके दोस्तों, रिश्तेदारों या जान-पहचानवालों में से क्या कोई है जो बाइबल के बारे में सीखना चाहेगा? अकसर विद्यार्थी कई लोगों के नाम-पते देता है। अगर उसे एतराज़ न हो तो आप इन पतों पर लोगों से मिलते वक्त, उसका नाम बताकर कुछ ऐसा कह सकते हैं: “[विद्यार्थी का नाम] के साथ मैं बाइबल अध्ययन कर रहा हूँ और उन्हें यह अध्ययन बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने मुझे बताया कि शायद आप भी मुफ्त बाइबल अध्ययन करना पसंद करेंगे।” इसके बाद, कुछ मिनटों के लिए दिखाइए कि बाइबल सिखाती है किताब से कैसे अध्ययन चलाया जाता है।
अगर कोई बाइबल विद्यार्थी अच्छी तरक्की कर रहा है, तो उसे बढ़ावा दीजिए कि अपने दोस्तों और परिवारवालों को इस अध्ययन के बारे में बताए। हो सकता है कि वे भी अध्ययन करना चाहें। विद्यार्थी चाहे तो उन्हें अपने साथ बाइबल अध्ययन में बैठने के लिए कह सकता है। अगर यह मुमकिन नहीं तो वह आपको उनसे मिलवा सकता है और आप उन्हें दिखा सकते हैं कि बाइबल अध्ययन कैसे किया जाता है। ऐसा करने से विद्यार्थी की हिम्मत खुलेगी और उसने बाइबल से जो सीखा है वह दूसरों को बताना शुरू करेगा।
क्या कुछ लोग ऐसे हैं जिनसे आप लगातार वापसी भेंट करते हैं? शायद उन्होंने खुद अब तक बाइबल अध्ययन कबूल न किया हो, मगर वे भी आपको दिलचस्पी रखनेवालों के नाम-पते दे सकते हैं। अपनी वापसी भेंट पर बाइबल सिखाती है किताब पेश करते वक्त आप उनसे पूछ सकते हैं: “क्या आपको लगता है कि कोई और इस किताब को पढ़ना चाहेगा?”
अब जबकि दुनिया का अंत इतना करीब है, हम चाहते हैं कि हर मुमकिन तरीके से लोगों तक खुशखबरी पहुँचाएँ और उसे कबूल करने में उन्हें मदद दें। तो क्या आप दिलचस्पी रखनेवालों के बारे में पूछताछ करते हैं?