बाइबल अध्ययन शुरू करने की ताक में रहिए
1. मत्ती 28:19, 20 में दी यीशु की आज्ञा को पूरा करने में क्या शामिल है?
यीशु ने हमें यह आज्ञा दी कि “लोगों को मेरा चेला बनना सिखाओ।” (मत्ती 28:19, 20) इसलिए हमें हमेशा बाइबल अध्ययन शुरू करने की ताक में रहना चाहिए। इसके लिए नीचे दिए गए कुछ सुझाव मददगार साबित हो सकते हैं।
2. हम किनके सामने बाइबल अध्ययन की पेशकश रख सकते हैं?
2 अध्ययन की पेशकश: जितना ज़्यादा हम लोगों के सामने बाइबल अध्ययन की पेशकश रखेंगे, उतना ही ज़्यादा हमारे पास बाइबल अध्ययन चलाने के मौके होंगे। (सभो. 11:6) क्या आपने उन सभी लोगों के सामने बाइबल अध्ययन की पेशकश रखी है, जिन्होंने हमारे संदेश में दिलचस्पी दिखायी थी? एक मंडली ने एक महीना तय किया कि वे उस पूरे महीने बाइबल अध्ययन शुरू करने की कोशिश करेंगे। और वे कितने खुश हुए जब उस महीने उन्होंने कुल 42 बाइबल अध्ययन शुरू किए! ऐसा मत सोचिए कि दिलचस्पी दिखानेवालों को यह पता होता है कि आप बाइबल अध्ययन कराते हैं। इसलिए जब आप उनसे दोबारा मिलने जाएँ, तो क्यों न उनके सामने अध्ययन की पेशकश रखें? अगर वे मना कर देते हैं तो इसमें कोई हर्ज़ नहीं। आप उनकी दिलचस्पी को बढ़ाने की कोशिश करते रहिए। क्या आपने अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों, साथ पढ़नेवालों और काम करनेवालों को आपके साथ बाइबल अध्ययन करने के लिए पूछा है? आप अपने बाइबल विद्यार्थियों से भी पूछ सकते हैं कि क्या उनका कोई दोस्त या रिश्तेदार है, जो बाइबल अध्ययन करना चाहेगा?
3. बाइबल अध्ययन शुरू करने के लिए हमारे पास कौन-सा बेहतरीन औज़ार है और इसका इस्तेमाल हम कब कर सकते हैं?
3 बेहतरीन औज़ार: बाइबल अध्ययन शुरू करने के लिए एक बेहतरीन औज़ार है, यह ट्रैक्ट क्या आप सच्चाई जानना चाहेंगे? आप यह ट्रैक्ट उन लोगों को दे सकते हैं जो वाकई संदेश में दिलचस्पी दिखाते हैं। यह वापसी भेंट करते समय भी इस्तेमाल किया जा सकता है। क्यों न आप इसे तब भी अपने साथ रखें, जब आप प्रचार करने जाते हैं, सफर या खरीददारी करते हैं या जब आप काम पर होते हैं? इसका आखिरी पन्ना चंद शब्दों में बाइबल अध्ययन चलाने के इंतज़ाम और बाइबल सिखाती है किताब के बारे में बताता है।
4. हम सच्चाई जानना चाहेंगे ट्रैक्ट के ज़रिए कैसे बाइबल अध्ययन शुरू कर सकते हैं?
4 दिलचस्पी दिखानेवाले व्यक्ति को ट्रैक्ट देने के बाद, आप उससे ट्रैक्ट के पहले पन्ने पर दिए सवालों के बारे में पूछ सकते हैं कि “इनमें से कौन से सवाल में आपको दिलचस्पी है?” उसके बाद जवाब जानने के लिए मिलकर ट्रैक्ट पर चर्चा कीजिए और आखिरी पन्ने पर लिखी बातों को पढ़िए या समझाइए कि हम किस तरह बाइबल अध्ययन कराते हैं। फिर आप विषय पर ज़्यादा जानकारी के लिए बाइबल सिखाती है किताब दिखा सकते हैं। इसके बाद किताब दीजिए और वापसी भेंट का इंतज़ाम कीजिए ताकि आप चर्चा जारी रख सकें।
5. हमें क्यों बाइबल अध्ययन शुरू करने की ताक में रहना चाहिए?
5 हमारे प्रचार इलाके में आज भी कई लोग हैं जो यह जानना चाहते हैं कि बाइबल वाकई में क्या सिखाती है। पर लोगों के धार्मिक विश्वासों को ध्यान में रखते हुए कुशलता और समझदारी से काम लेना ज़रूरी है ताकि हम बेवजह किसी को ठेस न पहुँचाएँ। अगर हम हमेशा बाइबल अध्ययन शुरू करने की ताक में रहें, तो हमें उस खुशी का अनुभव करने के ढेरों मौके मिलेंगे, जो लोगों को सच्चाई की राह पर ले जाने से मिलती है।—मत्ती 7:13, 14.