साल २००० का थियोक्रेटिक मिनिस्ट्री स्कूल
थियोक्रेटिक मिनिस्ट्री स्कूल के ज़रिये यहोवा के लोगों को कई आशीषें मिली हैं। यह स्कूल पिछले ५० से भी ज़्यादा सालों से चल रहा है और इसके ज़रिए लाखों भाई-बहनों को ट्रेनिंग मिली है और वे अच्छा भाषण देने और बाइबल की सच्चाइयाँ सिखाने में अपना हुनर बढ़ा सके हैं। (भज. १४५:१०-१२; मत्ती २८:१९, २०) आपने भी इस स्कूल से ज़रूर फायदा उठाया होगा। और साल २००० में भी आप इससे काफी फायदा पाएँगे लेकिन इसके लिए ज़रूरी है कि आप इसमें पूरी तरह शरीक हों और दी जानेवाली सलाह पर अमल करें।
२ साल २००० की थियोक्रेटिक स्कूल की तालिका के पहले पेज पर स्कूल से संबंधित जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि हर भाषण के लिए कितना समय दिया गया है, भाषण किस किताब से होगा, उसे किस तरह पेश किया जाना चाहिए, वगैरह, वगैरह। इन हिदायतों को ध्यान से पढ़िए और उन्हें अमल कीजिए।
३ हर हफ्ते की बाइबल पढ़ाई: हर हफ्ते बाइबल पढ़ने के लिए स्कूल की तालिका में दो कार्यक्रम दिए गए हैं। एक कार्यक्रम में हमेशा की तरह हर हफ्ते बाइबल के करीब पाँच पन्ने पढ़ने के लिए कहा गया है। इन्हीं अध्यायों से स्कूल में बाइबल की खास बातें (हाइलाइटस्) बताई जाएँगी। दूसरा कार्यक्रम है, अतिरिक्त बाइबल पढ़ाई जिसमें हर हफ्ते करीब दस पन्ने पढ़ने का इंतज़ाम है। अगर आप इस दूसरे कार्यक्रम के मुताबिक पढ़ें तो पूरी बाइबल तीन सालों में पढ़ सकते हैं। कुछ लोग शायद इस तालिका में दिए गए अध्यायों से भी ज़्यादा पढ़ सकेंगे जबकि कुछ लोग इससे भी कम पढ़ पाएँगे। आप चाहे जितने अध्याय पढ़ते हों उससे खुश रहिए और खुद की तुलना दूसरों से मत कीजिए। (गल. ६:४) जो सबसे अहम बात मन में रखनी चाहिए, वह है परमेश्वर के वचन को रोज़ पढ़ना।—भज. १:१-३.
४ अगर आपका नाम थियोक्रेटिक मिनिस्ट्री स्कूल में दर्ज नहीं है तो स्कूल ओवरसियर को बताइए। जब स्कूल में आपको कोई भाषण मिलता है तो उसे ज़रूर पेश करने की कोशिश कीजिए, बेवज़ह रद्द मत कीजिए। इस बात की कदर कीजिए कि स्कूल का इंतज़ाम यहोवा ने किया है। जिस विषय पर आपको भाषण देना है उस बारे में काफी जानकारी लेकर भाषण अच्छी तरह तैयार कीजिए ताकि आप दिल से और पूरे जोश के साथ भाषण दे सकें। तब आप इस स्कूल से फायदा उठा पाएँगे जो वाकई लाजवाब है!