आध्यात्मिक कामों में इस्तेमाल होनेवाले साधनों की कदर कीजिए
राजा योशिय्याह ने मंदिर की मरम्मत का काम करवाते वक्त, उन पुरुषों की सराहना की जिन्हें वह काम सौंपा गया था। राजा ने उनके बारे में कहा: “जिनके हाथों यह धन सौंपा जाए उनसे कोई हिसाब न लिया जाए, क्योंकि वे ईमानदारी से काम करते हैं।” (2 राजा 22:3-7, NHT) उन पुरुषों के दिल में पवित्र चीज़ों के लिए कदरदानी थी और यह इस बात से ज़ाहिर हुई कि जो साधन उन्हें सौंपे गए थे, उनका उन्होंने ईमानदारी से इस्तेमाल किया। उसी तरह, आज हम भी जब परमेश्वर के सुसमाचार का पवित्र काम करते हैं, तो हमें सौंपे गए साधनों का इस्तेमाल करने में ईमानदारी दिखानी चाहिए।
2 प्रचार काम में: जब हम इस बात को समझते और इसकी कदर करते हैं कि हमारे साहित्य में बेहद ज़रूरी संदेश है और यह ध्यान में रखते हैं कि उनको तैयार करने में बहुत पैसा लगता है, तो हमें एहसास होता है कि ये साहित्य कितने अनमोल हैं। हमें अपने साहित्य ऐसे लोगों को अंधाधुंध नहीं बाँटने चाहिए जिन्हें बाइबल के संदेश की कोई कदर नहीं है। अगर एक व्यक्ति सुसमाचार में बहुत कम दिलचस्पी दिखाता है, तो हम उसे एक ट्रैक्ट दे सकते हैं, बजाय इसके कि उसे कोई और साहित्य दें।
3 लोगों में साहित्य को इस तरह बाँटिए जिससे ज़ाहिर हो कि वे बहुत कीमती हैं। उन्हें सार्वजनिक जगहों पर मत छोड़िए, वरना वे यूँ ही बिखरे पड़े रहेंगे। ज़्यादा साहित्य लेने से पहले देखिए कि आपके पास फिलहाल कितने साहित्य हैं। इससे आप साहित्य का अंबार लगाने से बचेंगे। अगर आपके पास हर अंक की पत्रिका की बहुत ज़्यादा कॉपियाँ जमा हो जाती हैं, तो अपना ऑर्डर कम करने की सोचिए।
4 निजी इस्तेमाल के साहित्य: अब डीलक्स बाइबलों, रॆफ्रॆंस बाइबलों, साथ ही कॅनकॉर्डन्स, इंडैक्स, इंसाइट के भाग और प्रोक्लेमर्स जैसी बड़ी-बड़ी किताबों के लिए ऑर्डर देना मुमकिन नहीं है। इसलिए ये साहित्य कितना बड़ा खज़ाना है, इसका अब हमें और भी गहरा एहसास होता है। अगर आपकी लाइब्रेरी में उनकी कॉपियाँ हैं, तो उन्हें सँभालकर रखिएगा। जिनके पास ये नहीं हैं, उन्हें शायद किंगडम हॉल की लाइब्रेरी में रखी कॉपियों का इस्तेमाल करना पड़े। किंगडम हॉल के साहित्य के बारे में सभी को ध्यान रखना चाहिए कि वे अच्छी हालत में हों और कहीं खो न जाएँ।
5 क्या आप हर साहित्य की निजी कॉपी पर अपना नाम और पता ज़रूर लिखते हैं? जिस साहित्य पर नाम लिखा होगा, वह अगर गुम हो जाए, तो उसे पाने की गुंजाइश रहती है और इसलिए नया लेने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। अगर आप अपनी गीत-पुस्तक, बाइबल या बाइबल अध्ययन में इस्तेमाल होनेवाला साहित्य खो दें, तो आप उन्हें किंगडम हॉल में या सम्मेलन के हॉल में, उस जगह पर ढूँढ़ सकते हैं जहाँ खोयी हुई चीज़ें जमा की जाती हैं।—लूका 15:8, 9.
6 आइए हम, अपने साहित्य का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। यह एक तरीका है जिससे हम दिखा सकते हैं कि हम यहोवा से मिले राज्य के साधनों का इस्तेमाल करने में ईमानदार हैं।—लूका 16:10.