जो “सही मन रखते हैं” उनकी मदद कीजिए
1. हमारे दिनों में यहोवा कैसे लोगों को इकट्ठा कर रहा है?
जैसा एक इंसान का मन होता है वह वैसा ही रवैया दिखाता है। (मत्ती 12:35) बाइबल ऐसे इंसान की बात करती है जो हमेशा अपने “मन में लड़ाई की बातें” सोचता रहता है। (भज. 55:21) कुछ लोग मन से ‘क्रोध करनेवाले’ होते हैं। (नीति. 29:22) लेकिन ऐसे भी लोग हैं, जो ‘अनंत जीवन के लिए सही मन रखते हैं।’ (प्रेरि. 13:48, NW) हमारे दिनों में यहोवा ऐसे ही सही मन रखनेवालों को इकट्ठा कर रहा है। (हाग्गै 2:7) यहोवा के उपासक बनने में हम ऐसे लोगों की कैसे मदद कर सकते हैं?
2. चेला बनाने की अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करने में क्या शामिल है?
2 दोबारा मिलने के लिए पूरी मेहनत कीजिए: अगर हम चेला बनाने की अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करना चाहते हैं तो हमें वापसी भेंट के बारे में सही नज़रिया रखने की ज़रूरत है। (मत्ती 28:19, 20) क्या हम दिलचस्पी दिखानेवालों के पास जल्द-से-जल्द दोबारा जाते हैं? क्या हम उन तमाम लोगों के पास वापस जाते हैं, जो हमारा साहित्य लेते हैं या सुसमाचार में दिलचस्पी दिखाते हैं? क्या हम आध्यात्मिक तरक्की करने में उनकी मदद करने की लगातार कोशिश करते हैं? यह लोगों की ज़िंदगी और मौत का सवाल है इसलिए जितने भी दिलचस्पी दिखाते हैं, उन सभी की आगे बढ़ने में हमें मदद करनी चाहिए।
3. प्रचार में किसी के साथ बातचीत करने के बाद हमें क्या करना चाहिए?
3 दिलचस्पी दिखानेवाले से बात करने के बाद, जितनी जल्दी हो सके, उसका नाम और पता लिख लीजिए। आपने जिस विषय पर बात की थी, जो हवाले पढ़े थे और जो साहित्य दिया था उसके बारे में लिखिए। उसके बाद जितनी जल्दी हो सके उसके पास वापस जाइए।
4. हम असरदार तरीके से वापसी भेंट कैसे कर सकते है?
4 वापसी भेंट कैसे करें: जब आप वापसी भेंट करते हैं तो घर-मालिक के साथ प्यार और दोस्ताना तरीके से बात करना और उसमें निजी दिलचस्पी दिखाना फायदेमंद होगा। बातचीत को सादा रखिए और बाइबल के विषयों पर बातचीत कीजिए। बाइबल से कोई दिलकश विषय चुनकर पहले से तैयारी कीजिए और बातचीत के खत्म होने पर कोई सवाल उठाइए जिसके बारे में अगली भेंट पर बात की जा सके। घर-मालिक के कुछ विचार अगर बाइबल के खिलाफ हों तो उन पर बेवजह बहस करने से दूर रहिए। इसके बजाय घर-मालिक की जिन बातों पर आप सहमत हो सकते हैं, उनकी बुनियाद पर बाइबल से और सच्चाई सिखाइए।—कुलु. 4:6.
5. एक पायनियर ने क्या-क्या कोशिशें कीं और इसका नतीजा क्या हुआ?
5 वापसी भेंट करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है लेकिन इससे मिलनेवाले नतीजे देखकर बहुत खुशी होती है। जापान में एक पायनियर ने हर महीने पहले से ज़्यादा वापसी भेंट करने का लक्ष्य रखा। वह घर-घर प्रचार में जिस किसी से मिलता उसका रिकॉर्ड रखता और फिर सात दिन के अंदर-अंदर उसके पास दोबारा जाता। जो कुछ कहना है, उसने पहले से उसकी बहुत अच्छी तैयारी की और पूरे विश्वास के साथ अपना संदेश लेकर उनसे मिला। एक भेंट में वह एक ऐसे आदमी के साथ बाइबल अध्ययन शुरू कर पाया जिसने यह कहा: “मैंने हर बार आप लोगों को टाला है। लेकिन यह पहली बार है जब मैंने सचमुच आपकी बात सुनी है।” इस पायनियर ने इतनी लगन के साथ जो काम किया, वह आखिरकार रंग लाया। महीने के आखिर तक वह दस बाइबल अध्ययन शुरू कर चुका था।
6. हमें लगातार वापसी भेंट क्यों करते रहना चाहिए?
6 लोगों के हालात लगातार बदलते रहते हैं। (1 कुरि. 7:31) दिलचस्पी दिखानेवाले किसी इंसान को घर पर पाने में अकसर एक से ज़्यादा बार जाने की ज़रूरत पड़ती है। लेकिन वापसी भेंट करने में मेहनत करते रहने से हम सही मन रखनेवालों को अनंत जीवन के मार्ग पर आने में मदद दे सकते हैं।—मत्ती 7:13, 14.