प्रश्न बक्स
◼ यहोवा के साक्षियों का कानूनी निगम जो लोगो इस्तेमाल करता है, क्या उसे मंडली या कोई और व्यक्ति इस्तेमाल कर सकता है?
लोगो एक नाम या कोई पहचान चिन्ह होता है जिससे एक संस्था को आसानी से पहचाना जा सकता है। हमारी संस्था वॉच टावर बाइबल एण्ड ट्रैक्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया और दूसरे निगमों के लिए ‘द वॉच टावर’ लोगो का इस्तेमाल करती है। भारत के यहोवा के साक्षी अपने लैटर हैड पर लोगो के तौर पर एक खुली बाइबल का चिन्ह इस्तेमाल करते हैं। यहोवा के साक्षियों के दूसरे निगमों के लिए अलग तरह के लोगो इस्तेमाल किए जाते हैं।
संस्था के कानूनी निगमों के लिए जो लोगो या नाम इस्तेमाल होते हैं, उन्हें मंडली या किसी और व्यक्ति को राज-घर की पहचान के लिए या राज-घर पर, लैटर हैड पर, निजी चीज़ों या कहीं और इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर संस्था के लोगो का इस तरह इस्तेमाल किया जाए तो इससे अधिकारियों, प्रकाशकों या दूसरों को मंडली और संस्था के कानूनी निगम के बीच फर्क कर पाना मुश्किल हो सकता है। उसी तरह, अगर इस लोगो के साथ कोई खत भेजा जाता है, तो लोगों को यह गलतफहमी हो सकती है कि वह खत मुख्यालय या शाखा दफ्तर से भेजा गया है।
भविष्य में राज-घर बनाते समय वॉच टावर या इसके दूसरे लोगो इस्तेमाल नहीं किए जाने चाहिए, फिर चाहे राज-घर का मालिक वॉच टावर निगम ही क्यों न हो। जिस मंडली के राज-घर पर यह लोगो है उन्हें तुरंत कोई बदलाव करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि यह बहुत बड़ा बदलाव है जिसमें शायद काफी पैसा, समय और मेहनत लगे। लेकिन अगर ऐसा करने में ज़्यादा खर्च या मेहनत नहीं लगेगी, तो बदलाव किया जा सकता है। या फिर तब तक रुकना अच्छा होगा, जब तक कि राज-घर की इमारत या लोगो की मरम्मत की ज़रूरत न पड़े।