क्या आप एक परिवार के रूप में आध्यात्मिक लक्ष्यों की ओर कार्य कर रहे हैं?
समर्पित लोग होने के नाते हमारा लक्ष्य विश्वसनीय रूप से यहोवा की सेवा करना है। हम अनन्त जीवन का उपहार भी उत्सुकता से पाने की आशा रखते हैं। अवश्य, हम सिर्फ़ अपनी विश्वस्तता या उद्धार में ही दिलचस्पी नहीं रखते। हम दूसरों को इन लक्ष्यों को पाने की मदद करना चाहते हैं, और हम ख़ास तौर से खुद अपने परिवार की मदद करना चाहते हैं।—यूहन्ना १:४०, ४१; १ तीमु. ५:८.
२ जिस तरह पहाड़ को क़दम-ब-क़दम चढ़ा जाता है, उसी तरह, हम भी अपने मसीही रास्ते पर क़दम-ब-क़दम प्रगति कर सकते हैं। इस उद्देश्य से हम अपने लिए आध्यात्मिक लक्ष्य निर्धारित करते हैं। यह सिर्फ़ व्यक्तियों तक ही सीमित नहीं है। सभाओं, क्षेत्र सेवा, और पारिवारिक अध्ययन के संबंध में परिवारों के भी लक्ष्य हो सकते हैं। क्या उन्नति की जा सकती है? क्या परिवार के कुछेक सदस्यों को पूरे-समय की सेवा का लक्ष्य पाने की मदद की जा सकती है? निर्धारित लक्ष्यों को पाने के विषय में एक पारिवारिक विचार-विमर्श फ़ायदेमन्द साबित हो सकता है। जब ये लक्ष्य प्राप्त हों, तब दूसरे ईश्वरशासित लक्ष्य निर्धारित किए जा सकते हैं। इस प्रकार, क़दम-ब-क़दम, आध्यात्मिक प्रगति की जा सकती है।
सभाएँ
३ कुछेक परिवारों को शायद सभाओं में समय पर पहुँचने का लक्ष्य निर्धारित करना पड़े। यह बड़े परिवारों के लिए और उन लोगों के लिए एक वास्तविक चुनौती बन सकती है, जिनके अनियमित कार्य समय हों, और वहाँ भी, जहाँ परिवहन मुश्किल से मिलता हो। सहयोग और अच्छी व्यवस्था ज़रूरी हैं।
४ सभाओं में टिप्पणी करना एक और प्रयोगात्मक लक्ष्य है जिस पर परिवारों को ग़ौर करना चाहिए। परिवार के कुछ सदस्य शायद एक छोटी टिप्पणी पढ़ना चाहेंगे। बहरहाल, अपने ही शब्दों में संक्षिप्त और सुस्पष्ट टिप्पणी करना आध्यात्मिक प्रगति सूचित करता है और लाभप्रद है। अपनी-अपनी टिप्पणियाँ तैयार करने में परिवार के सदस्य एक दूसरे की मदद कर सकते हैं। थियोक्रॅटिक मिनिस्ट्री स्कूल में प्रगति करने के लिए भी वे एक दूसरे की मदद कर सकते हैं। इस में शायद परिवार के कम उम्र के सदस्यों को नियत कार्य अभ्यास करते सुनना, रूपरेखा को किस तरह इस्तेमाल करना है यह दिखाना, शब्दों के उच्चारण को सुधारना, इत्यादि, भी शामिल होगा। एक अच्छा शिक्षक या लोगों के सामने एक बढ़िया पढ़नेवाला बनने का लक्ष्य अध्यवसायी प्रयास के योग्य है।—१ तीमु. ४:१३.
क्षेत्र सेवा
५ कुछ परिवारों को क्षेत्र सेवा में नियमितता पाने की ज़रूरत है। क्या आपका पूरा परिवार हर महीने क्षेत्र सेवा में हिस्सा लेता है? परिवार के सदस्यों को चालू वार्तालाप विषय या कोई नयी पत्रिका का प्रस्तुतिकरण सीखने की मदद करने के लक्ष्य का क्या? फिर गृह बाइबल अध्ययन शुरु करने का लक्ष्य या पहले से ही स्थापित अध्ययन को ज़्यादा नियमित रूप से संचालित करने का लक्ष्य भी है।
पारिवारिक अध्ययन
६ कुछेक परिवारों के लिए पारिवारिक अध्ययन के कार्यक्रम से निष्ठापूर्वक लगा रहना शायद एक वास्तविक चुनौती हो सकती है। कभी-कभी अध्ययन को किसी और दिन या समय पर रखना आवश्यक होगा। लेकिन ऐसा अपवादिक तौर से ही होना चाहिए। नियमित रूप से साप्ताहिक बाइबल पाठ को पढ़ना एक और बढ़िया लक्ष्य है, और शायद इसे पारिवारिक अध्ययन में भी शामिल किया जा सकता है। अधिकांश लोगों के विषय में, सप्ताह के लिए नियत किए गए वाचन-विषय की वास्तविक पढ़ाई सिर्फ़ २० से २५ मिनटों में हो जाती है। इस से उस व्यक्ति के धर्मशास्त्रों के बारे में ज्ञान बढ़ता है और हर हफ़्ते के बाइबल वाचन की झलकियों का पुनर्विचार ज़्यादा रोचक बनता है।
७ ऐसे ही कई और लक्ष्य हैं जो व्यक्ति और परिवार अपने लिए निर्धारित कर सकते हैं। उदाहरणार्थ, जल्दी ही सहायक पायनियर कार्य करने की ओर एक पारिवारिक प्रयास के बारे में सोचा है? इसके अलावा, अच्छे प्रबंध और सहयोग से, क्या परिवार कम से कम अपने एक सदस्य का एक नियमित पायनियर के तौर से ख़र्च चला सकता है? सेवकाई सेवक या एक प्राचीन बनने का भी लक्ष्य मौजूद है। बेथेल सेवा तरुण भाइयों का एक लक्ष्य हो सकता है। ये लक्ष्य पाए जा सकते हैं, लेकिन इन्हें अध्यवसाय और परिश्रम आवश्यक होता है। जैसे-जैसे हम अपने निजी और पारिवारिक लक्ष्यों को पाने का प्रयास करते हैं, वैसे-वैसे यहोवा के लिए हमारी सेवा का दरजा सुधरेगा, और यह सब उनकी प्रतिष्ठा और महिमा के लिए होगा।—भजन ९६:७, ८.