हर मौके पर इसका इस्तेमाल कीजिए
1. सच्चाई जानना चाहेंगे ट्रैक्ट किस काम के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है?
क्या आप सच्चाई जानना चाहेंगे?, इस ट्रैक्ट की मदद से हम आसानी से बाइबल अध्ययन शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा इस असरदार औज़ार की मदद से हम सच्चाई के बीज भी छितरा सकते हैं। (सभो. 11:6) इस ट्रैक्ट का अच्छा इस्तेमाल करने के लिए आगे कुछ सुझाव दिए गए हैं।
2. पहली मुलाकात में हम इस ट्रैक्ट का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं?
2 पहली मुलाकात के दौरान: घर-मालिक से ऐसे विषय पर बात करने की कोशिश कीजिए, जिसमें उसे दिलचस्पी हो। अगर आपको लगे कि उसे आध्यात्मिक मामलों पर बात करने में दिलचस्पी है, तो उसे ट्रैक्ट देकर पहले पन्ने पर दिए छ: सवाल दिखाइए और पूछिए: “क्या यहाँ दिए किसी सवाल के बारे में आपने कभी सोचा है?” उसका जवाब पाने के बाद, ट्रैक्ट से घर-मालिक के सवाल के जवाब पर गौर कीजिए और वहाँ दी कोई आयत पढ़िए। फिर ट्रैक्ट का आखिरी पन्ना पढ़िए या उसका सारांश बताइए। अगर घर-मालिक को ट्रैक्ट पढ़ने में दिलचस्पी है तो उसे दे दीजिए। ट्रैक्ट के ज़रिए सच्चाई उसके दिल में जड़ पकड़ सकती है। (मत्ती 13:23) अगर आपको लगता है कि वह वाकई में बाइबल का आदर करता है, तो वापसी भेंट में बाइबल सिखाती है किताब पेश कीजिए।
3. अगर दिलचस्पी दिखानेवाला घर-मालिक व्यस्त है, तो हम क्या कर सकते हैं?
3 अगर दिलचस्पी दिखानेवाला घर-मालिक व्यस्त है: आप उससे कह सकते हैं: “लगता है अभी आप बहुत व्यस्त हैं। क्या मैं आपको बाइबल पर आधारित यह ट्रैक्ट दे सकता हूँ? इसमें छ: बुनियादी सवाल दिए गए हैं, जो हममें से ज़्यादातर लोगों के मन में कभी-न-कभी ज़रूर उठते हैं। और इसमें शास्त्र से इन सवालों के सीधे-सीधे जवाब दिए गए हैं। अगर आप इनमें से किसी सवाल पर चर्चा करना चाहते हैं तो मैं आपसे दोबारा मिल सकता हूँ।”
4. स्कूल या काम की जगह पर अपने दोस्तों को यह ट्रैक्ट पेश करने के लिए हम क्या कह सकते हैं?
4 स्कूल या काम की जगह पर: खाने के ब्रेक में अपने दोस्त से बात करते वक्त आप कह सकते हैं: “क्या तुम्हारे मन में कभी इनमें से कोई सवाल उठा है? [जवाब के लिए रुकिए। अगर आपका दोस्त सुनने के लिए तैयार है तो चर्चा जारी रखिए।] इस ट्रैक्ट में शास्त्र से इन सवालों के साफ और संतुष्टि देनेवाले जवाब दिए गए हैं।” अगर आपके दोस्त के पास वक्त है, तो आप ट्रैक्ट में दिए किसी एक सवाल के जवाब पर चर्चा कर सकते हैं और बाइबल सिखाती है किताब भी पेश कर सकते हैं।
5. सच्चाई जानना चाहेंगे ट्रैक्ट क्यों प्रचार में असरदार है?
5 सच्चाई जानना चाहेंगे ट्रैक्ट, सच्चाई को बड़े ही सरल और सीधे तरीके से पेश करता है। यह ट्रैक्ट हर संस्कृति और धर्म के लोगों की दिलचस्पी के हिसाब से तैयार किया गया है। इस ट्रैक्ट को आसानी से पेश किया जा सकता है; यहाँ तक कि जवान और नए प्रचारक भी आसानी से इसे पेश कर सकते हैं। क्या आप हर बार मौका मिलने पर इसका इस्तेमाल करते हैं?
6. ट्रैक्ट देने से पहले क्यों हमें हमेशा घर-मालिक का रवैया जान लेना चाहिए?
6 ट्रैक्ट देते वक्त हमें समझदारी से काम लेना चाहिए, क्योंकि इसका शीर्षक पढ़कर विरोधी हमारे इरादे को गलत समझ सकते हैं। हम किसी पर भी हमारा साहित्य लेने की ज़ोर-ज़बरदस्ती नहीं करते। इसलिए सबसे पहले व्यक्ति का रवैया जानने की कोशिश कीजिए और ट्रैक्ट उसी को दीजिए जो सच्चाई जानने में वाकई दिलचस्पी रखता है।